सुल्तानपुर/अयोध्या: सुल्तानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र के डोभियारा गांव पूरे लाला में बुधवार सुबह एक पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। टीम अयोध्या पुलिस के अभियुक्त आदर्श सिंह की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची थी। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर अचानक हमला बोल दिया।
सूत्रों के मुताबिक, उपनिरीक्षक आकिल हुसैन, दारोगा भानु प्रताप शाही और कांस्टेबल उमेश गौतम ने आदर्श सिंह को घर से पकड़ लिया था। जैसे ही वह उसे लेकर बाहर निकले, भीड़ ने लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस बीच आरोपियों ने पुलिसकर्मियों का सरकारी पिस्टल और मोबाइल फोन भी छीन लिया। पिस्टल की अब तक बरामदगी नहीं हो सकी है।
हमले में पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाया गया। हलियापुर थाने में नौ नामजद और कई अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को राहुल मिश्रा पर हुए फायरिंग मामले में आदर्श सिंह सहित कई लोगों के खिलाफ पूर्व में केस दर्ज किया गया था। उसी मामले में गिरफ्तारी के तहत अयोध्या पुलिस टीम गांव गई थी।
सीओ मिल्कीपुर श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि कानून व्यवस्था के खिलाफ ऐसे हमलों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











