झारखंड में मानसून अगले तीन-चार दिनों तक सक्रिय रहेगा। 9 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश, गरज-वज्रपात और 30-40 किमी/घंटे की तेज हवाओं का अलर्ट है। रांची में 12 सितंबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है।
रांची: झारखंड में अगले तीन-चार दिनों तक मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है। 8 सितंबर से बारिश का दायरा बढ़ेगा, जबकि 9 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका है। पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
9 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 8 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 9 सितंबर को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज, वज्रपात और तेज हवा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
![]()
उत्तर-पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों में भी 9 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 10 से 12 सितंबर तक राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। 11 और 12 सितंबर को कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
रांची में 12 सितंबर तक बारिश की संभावना
राजधानी रांची में अगले तीन-चार दिनों के दौरान मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 12 सितंबर तक रांची में रोजाना दो से तीन बार हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
बारिश बढ़ने के बाद तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद बारिश बढ़ने पर तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
मानसून ट्रफ और निम्न दबाव क्षेत्र का असर
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में बना निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा साइक्लोनिक सर्कुलेशन समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ने की संभावना है। इसके साथ मानसून ट्रफ भी सक्रिय है।
फिलहाल मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक, उत्तर प्रदेश के निम्न दबाव क्षेत्र, सतना, डालटनगंज और बांकुड़ा होते हुए त्रिपुरा की ओर जा रही है। डालटनगंज से इसके गुजरने के कारण झारखंड में लगातार नमी मिल रही है। दक्षिण गुजरात से उत्तर बांग्लादेश तक बनी दूसरी ट्रफ लाइन भी उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर से गुजर रही है। दोनों मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से राज्य में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं।
पाकुड़ में सबसे ज्यादा 14.4 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में झारखंड के कुछ स्थानों पर गरज के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। अमरापाड़ा, पाकुड़ में सबसे अधिक 14.4 मिमी बारिश हुई। बोआरिजोर में 14.2 मिमी, मेहगावन में 12.4 मिमी, पाकुड़िया में 10.2 मिमी और पथरगामा में 10.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार मानसून ट्रफ और दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से अगले तीन-चार दिनों में झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।










