कानपुर में माता वैष्णो देवी के दर्शन की चाह में 7वीं कक्षा की तीन छात्राएं स्कूल से भाग निकलीं। लखनऊ पहुंचते ही ट्रेन छूट गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीनों को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
कानपुर: तीन स्कूली छात्राओं की गुमशुदगी से मचा हड़कंप आखिरकार पुलिस की त्वरित कार्रवाई से थम गया। माता वैष्णो देवी के दर्शन की इच्छा में घर से भागीं तीनों सहेलियों को पुलिस ने लखनऊ से सकुशल बरामद कर लिया। छात्राओं ने स्कूल जाने के बहाने घर छोड़ा था और सीधे ट्रेन पकड़कर रवाना हो गईं। लेकिन CCTV कैमरों और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने उनकी पूरी यात्रा का सुराग लगाया।
स्कूल के बहाने घर से निकलीं तीन सहेलियां
घटना कानपुर के जूही थाना क्षेत्र की है। यहां बारादेवी लौधौरा निवासी सीमा सिंह की 12 वर्षीय बेटी कृतिका, उसकी सहेलियां इशिका गुप्ता (12) और वैष्णवी सविता (13) रोजाना की तरह स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर स्कूल के लिए निकलीं, लेकिन उस दिन स्कूल पहुंचीं ही नहीं।
जब स्कूल प्रशासन ने अनुपस्थिति की जानकारी दी तो परिवारों में हड़कंप मच गया। तीनों छात्राओं की मां थाने के बाहर रो-रोकर मदद की गुहार लगाने लगीं। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई और पुलिस से बच्चियों को सुरक्षित ढूंढने की मांग की। जांच में पता चला कि तीनों छात्राएं सुबह 8:30 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचीं। वहां उन्होंने यूनिफॉर्म के ऊपर जैकेट पहनकर पहचान छिपाई और गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हो गईं।
माता वैष्णो देवी दर्शन की चाह में बनाई थी योजना
![]()
स्कूल शिक्षिकाओं से पूछताछ में सामने आया कि तीनों सहेलियां पिछले कुछ दिनों से जम्मू-कश्मीर घूमने और वैष्णो देवी के दर्शन की चर्चा कर रही थीं। सभी ने मिलकर स्कूल जाने के बहाने घर से निकलने की योजना बनाई थी।
छात्राओं ने यात्रा के दौरान परिजनों के मोबाइल फोन साथ ले लिए, ताकि वे ट्रैक न की जा सकें। हालांकि, ट्रेनों के CCTV और रेलवे की टिकटिंग रिकॉर्ड से पुलिस ने उनकी यात्रा की लोकेशन ट्रेस कर ली। लखनऊ पहुंचने पर तीनों को पता चला कि जम्मू जाने वाली ट्रेन छूट चुकी है, जिसके बाद वे चारबाग स्टेशन पर कुछ देर रहीं और फिर वापस स्टेशन परिसर में लौट आईं।
पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा खतरा
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के निर्देश पर सभी थानों को अलर्ट किया गया। सर्विलांस और जीआरपी टीमों ने मिलकर लखनऊ स्टेशन की फुटेज खंगाली। देर रात लखनऊ जीआरपी और कानपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीनों नाबालिग छात्राओं को सुरक्षित बरामद कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि यदि पुलिस समय पर सक्रिय न होती, तो बच्चियों के अकेले सफर के कारण कोई बड़ा हादसा हो सकता था।












