केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। KIIFB और इसके उच्च अधिकारियों के खिलाफ FEMA उल्लंघन का नोटिस जारी किया गया है, जिसमें 466 करोड़ रुपये की रकम पर सवाल उठाए गए हैं। KIIFB के चेयरमैन पिनराई विजयन ही हैं।
तिरुवनंतपुरम: केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की मुश्किलें लगातार बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने केरल इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट फंड बोर्ड (KIIFB) और उसके शीर्ष अधिकारियों को फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के उल्लंघन के मामले में नोटिस जारी किया है। यह मामला करीब 466.91 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी से जुड़ा हुआ है। KIIFB के चेयरमैन पिनराई विजयन हैं, जिससे इस मामले में उनकी भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
नोटिस किस-किस को मिला?
ED ने 12 नवंबर 2025 को KIIFB और उसके वरिष्ठ अधिकारियों को शो कॉज नोटिस भेजा। नोटिस पाने वालों में शामिल हैं:
- पिनराई विजयन – चेयरमैन, KIIFB
- के.एम. अब्राहम – CEO, KIIFB
- टी.एम. थॉमस इसाक – वाइस चेयरमैन, KIIFB
नोटिस में इन अधिकारियों पर FEMA नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है।
![]()
क्या है मामला?
सूत्रों के मुताबिक, KIIFB ने लंदन और सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज में मसाला बॉन्ड जारी कर 2672.80 करोड़ रुपये जुटाए थे। यह रकम ECB (External Commercial Borrowing) यानी बाहरी वाणिज्यिक ऋण के तहत ली गई थी। ED का आरोप है कि इस फंड में से 466.91 करोड़ रुपये जमीन खरीदने में खर्च किए गए। जबकि RBI के नियमों के अनुसार, मसाला बॉन्ड से जुटाई गई राशि का उपयोग भूमि खरीदने में नहीं किया जा सकता।
विशेष रूप से RBI की मास्टर डायरेक्शन 2016, सर्कुलर 2015 और 1 जून 2018 के निर्देशों के तहत यह कार्रवाई गैरकानूनी मानी जाती है। ED का मानना है कि यह कदम सीधे तौर पर FEMA का उल्लंघन है।
शिकायत कब दर्ज हुई?
ED ने इस मामले में शिकायत 27 जून 2025 को दर्ज की थी। मामले का संज्ञान लेने के बाद अडजुडिकेटिंग अथॉरिटी ने 12 नवंबर 2025 को KIIFB और उसके वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस जारी किया। केरल में पिनराई विजयन पर यह मामला राजनीतिक हलचल पैदा कर रहा है। हाल ही में कांग्रेस महासचिव सी. वेणुगोपाल ने कहा था कि केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन केंद्र सरकार के ‘गुप्त एजेंट’ हैं।
इसके पहले राज्य मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने कांग्रेस नेता और अलप्पुझा के सांसद को भाजपा द्वारा पार्टी को कमजोर करने के लिए भेजा गया ‘गुप्त एजेंट’ बताया था। इसके बाद वेणुगोपाल ने भी इसी तर्ज पर पिनराई पर निशाना साधा। राजनीतिक और कानूनी दृष्टि से यह मामला दोनों ही मोर्चों पर चर्चा का केंद्र बन गया है।












