कोटा में बारिश के दौरान फैला करंट, शादी से पहले युवक की दर्दनाक मौत

कोटा के कुम्भकोट में बारिश के दौरान करंट फैलने से 24 वर्षीय करणदान की मौत हो गई। युवक की 17 अप्रैल को शादी थी। पुलिस और बिजली विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
कोटा में बारिश के दौरान फैला करंट, शादी से पहले युवक की दर्दनाक मौत
Photo Credit / Attribution: AI IMAGE

रामगंजमंडी के कुम्भकोट कस्बे में बारिश के दौरान अर्थ लूज होने से करंट फैल गया। हादसे में 24 वर्षीय करणदान की मौत हो गई। युवक की 17 अप्रैल को शादी तय थी। मामले की जांच जारी है।

Rajasthan: कोटा जिले के रामगंजमंडी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। कुम्भकोट कस्बे की चारण बस्ती में बारिश के दौरान एलटी बिजली लाइन से करंट फैल गया। करंट घरों तक पहुंच गया, जिससे वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में 24 वर्षीय युवक करणदान की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना सुबह करीब साढ़े 8 बजे की बताई जा रही है। हादसे के समय इलाके में हल्की बारिश हो रही थी। अचानक घरों में करंट दौड़ने लगा, जिससे अफरा-तफरी मच गई। करणदान जिस कमरे में था, वहां करंट फैलने से वह बुरी तरह झुलस गया।

अर्थ लूज होने से फैला करंट

कुम्भकोट के सरपंच सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बस्ती में एक छोटी टी-डीपी लगी हुई है। बारिश के कारण अर्थ लूज हो गया, जिससे करंट पूरे इलाके में फैल गया। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी गई और बिजली सप्लाई बंद करवाई गई।

घटना के समय करणदान की मां रसोई में थी, जबकि करण कमरे में मौजूद था। उसके पिता काम के सिलसिले में पावागढ़, गुजरात गए हुए थे। हादसे की सूचना मिलने पर पिता को फोन कर जानकारी दी गई।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

कोटा में बारिश के दौरान फैला करंट, शादी से पहले युवक की दर्दनाक मौत

सूचना मिलते ही परिजन करणदान को तुरंत रामगंजमंडी अस्पताल लेकर रवाना हुए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में करण का एक हाथ पूरी तरह झुलस गया था और चेहरे का एक हिस्सा भी गंभीर रूप से जल गया था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, करंट इतना तेज था कि आसपास मौजूद कुछ अन्य लोगों को भी झटके लगे, हालांकि वे बाल-बाल बच गए। लोगों का कहना है कि ऐसा करंट उन्होंने पहले कभी नहीं देखा।

शादी की तैयारियों के बीच उजड़ा परिवार

करणदान एक निजी कंपनी में मजदूरी करता था। वह दो दिन की छुट्टी लेकर 25 जनवरी की शाम को ही अपने गांव आया था। परिवार में वह इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। इसी साल 17 अप्रैल 2026 को उसकी शादी तय थी। 

शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पिता के गांव लौटने के बाद पोस्टमॉर्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तकनीकी खामी की आशंका

JVVNL के सहायक अभियंता (AEN) ज्वाला कुमार ने बताया कि बस्ती में कई लोगों ने अवैध रूप से डायरेक्ट तार डाल रखे हैं। जिन 3-4 घरों में करंट फैला, वहां विभाग का कोई अधिकृत कनेक्शन या मीटर नहीं लगा हुआ था।

AEN के अनुसार, संभावना है कि डीपी में फॉल्ट आने से 11 केवी लाइन का करंट सीधे एलटी लाइन में आ गया हो। घटना के बाद इलाके में लोगों में गुस्सा था, जिस कारण विभाग मौके पर तुरंत तकनीकी टीम नहीं भेज सका। मामले की जांच करवाई जा रही है और जांच के बाद ही हादसे का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।

Leave a comment