टीवी के सबसे आइकॉनिक शोज़ में शामिल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ एक बार फिर सुर्खियों में है। स्मृति ईरानी के इस चर्चित शो के दूसरे सीज़न में इन दिनों कहानी में बड़े बदलाव और जबरदस्त ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: स्मृति ईरानी के लोकप्रिय टीवी शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में जल्द ही 6 साल का बड़ा लीप आने वाला है, जिसके बाद तुलसी की जिंदगी में कई अहम बदलाव देखने को मिलेंगे। लीप के बाद तुलसी शांति निकेतन छोड़कर वृंदा और अंगद के साथ एक चॉल में रहने लगेगी, जिससे कहानी एक नया मोड़ लेगी।
इसी बीच शो में एक नए किरदार की भी एंट्री करवाई गई है। अभिनेत्री प्राची कोवली ने शो में हेमंत की पत्नी की भूमिका निभानी शुरू कर दी है। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में प्राची ने इस आइकॉनिक शो का हिस्सा बनने और बालाजी टेलीफिल्म्स के साथ दोबारा काम करने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है।
पूजा हेमंत विरानी का किरदार

शो में जल्द ही 6 साल का लीप आने वाला है, जिसके बाद तुलसी विरानी की जिंदगी पूरी तरह बदलती नजर आएगी। लीप के बाद तुलसी शांति निकेतन छोड़कर अपने बच्चों वृंदा और अंगद के साथ एक चॉल में रहने लगती है। इसी नए मोड़ पर कहानी को मजबूती देने के लिए प्राची कोवली के किरदार को शामिल किया गया है, जो तुलसी की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आएंगी।
प्राची कोवली शो में पूजा हेमंत विरानी की भूमिका निभा रही हैं। यह एक पॉजिटिव और सशक्त महिला का किरदार है, जो हर परिस्थिति में तुलसी का साथ देती नजर आएगी। शो में उनका प्रवेश न सिर्फ कहानी को नया आयाम देगा, बल्कि पुराने दर्शकों को भावनात्मक रूप से भी जोड़ने का काम करेगा।
बालाजी टेलीफिल्म्स से पुराना रिश्ता
एक इंटरव्यू में प्राची कोवली ने इस शो का हिस्सा बनने पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि उनका करियर बालाजी टेलीफिल्म्स के साथ ही शुरू हुआ था। प्राची ने कहा,मेरे करियर की शुरुआत ‘कसौटी जिंदगी की’ से हुई थी। एकता कपूर ने मुझे पहला बड़ा मौका दिया और वहीं से मेरी एक्टिंग यात्रा शुरू हुई। इसके बाद प्राची ने ‘हवन’, ‘सेठजी’, ‘नीली छतरीवाले’, ‘सिलसिला’ जैसे कई चर्चित टीवी शोज़ में काम किया और अपनी पहचान बनाई।
प्राची कोवली ने ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के सेट पर लौटने को बेहद भावुक अनुभव बताया। उन्होंने कहा, इस शो के सेट पर वापस आना अविश्वसनीय रूप से खास और इमोशनल रहा। ऐसा लगा जैसे मैं घर लौट आई हूं। सेट पर कदम रखते ही मुझे याद आ गया कि मेरी यात्रा कहां से शुरू हुई थी। उन्होंने आगे कहा कि सेट का माहौल बेहद सकारात्मक है और पहले ही दिन सभी ने उन्हें सहज महसूस कराया।










