Lamine Yamal Record: 19 साल की उम्र में लामिन यमाल ने रचा इतिहास, 50 गोल पूरे कर तोड़ा Kylian Mbappe का रिकॉर्ड

Lamine Yamal Record: बार्सिलोना के स्टार लामिन यमाल ने 19 साल 49 दिन की उम्र में 50 गोल पूरे कर इतिहास रच दिया। उन्होंने Mbappe का रिकॉर्ड तोड़ा।

बार्सिलोना के 19 वर्षीय स्टार स्ट्राइकर लामिन यमाल ने कैंप नोउ के मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए यूरोपीय फुटबॉल में अपनी खास पहचान बना ली है। रायो वैलेकानो के खिलाफ खेले गए ला लीगा मुकाबले में यमाल ने दो शानदार गोल दागे, जिसकी बदौलत बार्सिलोना ने 5-2 से धमाकेदार जीत दर्ज की। 

स्पोर्ट्स न्यूज़: स्पेनिश क्लब FC Barcelona के युवा स्टार लामिन यमाल ने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। महज 19 साल की उम्र में यमाल ने यूरोप की टॉप-5 घरेलू लीग में सबसे कम उम्र में 50 क्लब गोल पूरे करने वाले खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया। रायो वैलेकानो के खिलाफ ला लीगा मुकाबले में उनके दो गोल की मदद से बार्सिलोना ने 5-2 की शानदार जीत दर्ज की।

यमाल ने इस मुकाबले में अपना पहला गोल करते ही बार्सिलोना के लिए 50 गोल का आंकड़ा छू लिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने फ्रांस के दिग्गज फॉरवर्ड कीलियन एम्बाप्पे का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। यमाल की इस उपलब्धि को यूरोपीय फुटबॉल में उनके तेजी से उभरते प्रभाव का एक और बड़ा संकेत माना जा रहा है।

19 साल और 49 दिन में पूरे किए 50 क्लब गोल

रायो वैलेकानो के खिलाफ 21वें मिनट में गोल करते ही यमाल ने क्लब फुटबॉल में अपने 50 गोल पूरे कर लिए। उन्होंने यह उपलब्धि 19 साल और 49 दिन की उम्र में हासिल की। इससे पहले यह रिकॉर्ड कीलियन एम्बाप्पे के नाम था। फ्रांसीसी स्टार ने यूरोप की टॉप-5 लीग में 19 साल और 241 दिन की उम्र में 50 क्लब गोल पूरे किए थे। 

यानी यमाल ने यह उपलब्धि एम्बाप्पे से करीब छह महीने पहले हासिल कर ली। इस सूची में नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड तीसरे स्थान पर हैं। हालैंड ने 20 साल और 196 दिन की उम्र में अपने 50 क्लब गोल पूरे किए थे।

बार्सिलोना के इतिहास में भी बनाया नया रिकॉर्ड

Lamine Yamal Record: 19 साल की उम्र में लामिन यमाल ने रचा इतिहास, 50 गोल पूरे कर तोड़ा Kylian Mbappe का रिकॉर्ड

यमाल की उपलब्धि केवल यूरोप तक सीमित नहीं है। उन्होंने बार्सिलोना के इतिहास में भी 50 गोल पूरे करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले क्लब के लिए 50 गोल तक सबसे कम उम्र में पहुंचने का रिकॉर्ड जोसेप एस्कोला के नाम था। उन्होंने 20 साल और 356 दिन की उम्र में यह मुकाम हासिल किया था। महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने बार्सिलोना के लिए 21 साल और 120 दिन की उम्र में 50 गोल पूरे किए थे।

यमाल ने बेहद कम उम्र में बार्सिलोना की पहली टीम में अपनी जगह बनाई और लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करके खुद को क्लब के प्रमुख खिलाड़ियों में स्थापित किया है। उनके शुरुआती ला लीगा गोल से शुरू हुआ सफर अब लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है।

रायो वैलेकानो ने दी थी शुरुआती चुनौती

मुकाबले में बार्सिलोना की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। रायो वैलेकानो ने 12वें मिनट में सर्जियो कैमेलो के गोल की बदौलत बढ़त हासिल कर ली। घरेलू टीम को शुरुआती झटके के बाद जवाब देने में ज्यादा समय नहीं लगा। 19वें मिनट में राफिन्हा ने गोल करके बार्सिलोना को बराबरी दिलाई। इसके सिर्फ दो मिनट बाद यमाल ने गोल दागा। उनका यह गोल व्यक्तिगत उपलब्धि के लिहाज से बेहद खास था, क्योंकि इसी के साथ उन्होंने बार्सिलोना के लिए 50 गोल पूरे कर लिए।

दूसरे हाफ में बार्सिलोना ने बढ़ाया दबाव

दूसरे हाफ में बार्सिलोना ने अपनी पकड़ मजबूत की। रायो वैलेकानो के फ्लोरियन लेजीयून के आत्मघाती गोल से बार्सिलोना की बढ़त 3-1 हो गई। हालांकि सर्जियो कैमेलो ने 59वें मिनट में अपना दूसरा गोल करके मेहमान टीम को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की। इसके बाद राफिन्हा ने 71वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया और स्कोर 4-2 कर दिया। मैच के अंतिम चरण में रायो वैलेकानो की वापसी की उम्मीद लगभग खत्म हो गई। इंजरी टाइम के दौरान यमाल ने अपना दूसरा गोल दागते हुए बार्सिलोना की जीत 5-2 से पक्की कर दी।

Leave a comment