टीवी शो लाफ्टर शेफ्स 3 इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर विवादों में घिर गया है। यह वीडियो शो के ईद स्पेशल एपिसोड का बताया जा रहा है, जिसमें समर्थ जुरेल, जन्नत जुबैर के साथ मज़ाक-मस्ती करते हुए नजर आते हैं।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: भारत के लोकप्रिय कॉमेडी-रीयलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ्स 3’ के एक हालिया वीडियो क्लिप ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। शो के ईद स्पेशल एपिसोड की यह क्लिप वायरल होते ही दर्शकों में नाराज़गी फैल गई, जिसमें अभिनेता समर्थ जुरेल की जन्नत जुबैर के साथ की गई हरकत को लेकर गंभीर विवाद खड़ा हो गया।
वीडियो में समर्थ जुरेल को जन्नत जुबैर को छेड़ते हुए देखा गया, जिससे जन्नत असहज महसूस कर रही थीं। इस क्लिप के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर समर्थ जुरेल की जमकर आलोचना हो रही है और दर्शक चैनल पर “घटियापन” फैलाने के आरोप लगा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर आलोचना
एक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “यह सभी ‘लाफ्टर शेफ्स’ के क्रिएटिव्स द्वारा समर्थ जैसे एक्टर्स को दी गई जबरन लव एंगल वाली स्क्रिप्ट का नतीजा है। फ्लर्टिंग के नाम पर यह व्यवहार बिल्कुल अस्वीकार्य है, और जन्नत स्पष्ट रूप से असहज महसूस कर रही हैं। अन्य यूजर्स ने समर्थ जुरेल के व्यवहार की तीखी आलोचना की।
एक यूजर ने कहा, समर्थ को अपनी को-एक्टर्स के साथ इस तरह का व्यवहार करने से रोकना चाहिए। साफ दिखाई दे रहा है कि जन्नत असहज थीं, लेकिन उनके कुछ फैंस उनकी आलोचना करने के बजाय उनका बचाव कर रहे हैं। @HotstarReality इस पर ध्यान दें।

चैनल पर लगे गंभीर आरोप
कुछ दर्शकों ने चैनल की भूमिका पर भी सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, “उसकी मां वहां मौजूद थी… फिर भी उसने यह हरकत की। ऐसी परिस्थितियों में महिलाओं को कैसा महसूस होगा, सोचिए। मनोरंजन और कॉमेडी के नाम पर, #ColorsTV इस तरह के व्यवहार को बर्दाश्त कर रहा है। इसके अलावा, कई कमेंट्स में समर्थ जुरेल को “घटिया” और “दरिंदा” कहकर पुकारा गया। सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हुआ और दर्शकों में गहरी नाराज़गी देखने को मिली।
‘लाफ्टर शेफ्स 3’ तमिल हिट शो ‘कुकू विद कोमाली’ से प्रेरित है और अपनी अनोखी कॉमेडी, सेलिब्रिटी मस्ती और कुकिंग चैलेंज के लिए जाना जाता है। इस सीजन में कई बड़े सितारे शामिल हैं, जिनमें कृष्णा अभिषेक, कश्मीरा शाह, करण कुंद्रा, अर्जुन बिजलानी, अली गोनी, जन्नत जुबैर, सुदेश लहरी, निया शर्मा, अंकिता लोखंडे और विक्की जैन शामिल हैं।
हालांकि शो की फॉर्मेट और कॉमेडी शैली दर्शकों को काफी पसंद है, हाल ही में वायरल हुई यह क्लिप शो की रचनात्मक दिशा और कंटेंट के नैतिक पक्ष पर सवाल खड़ा कर रही है।








