लखनऊ के बंथरा में तेज रफ्तार कार सड़क पर बेकाबू हो गई। हादसे में छह साल की बच्ची की मौत और पांच लोग घायल हुए। 12वीं का छात्र कार चला रहा था। आरोपी अभी फरार है, पुलिस जांच में जुटी है।
Uttar Pradesh: लखनऊ में गुरुवार को एक भयानक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार के टायर फटने के कारण ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कार ने पहले एक बाइक, फिर ऑटो और ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि आसपास खड़े लोग और सड़क पार कर रहे लोग भी खतरे में आ गए। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
सड़क पर लोगों को भी टक्कर
हादसे में सड़क पार कर रहे लोग भी कार की चपेट में आ गए। करीब 100 मीटर तक कार टकराती चली गई और फिर रुक गई।
![]()
हादसे के दौरान छह साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसके अतिरिक्त पांच लोग घायल हुए, जिनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या भी शामिल है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में कार तेज रफ्तार से लोगों और वाहनों को टक्कर मारते हुए दिख रही है। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने कार में उसके साथ बैठी लड़की को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्दी ही आरोपी ड्राइवर की पहचान कर उसे पकड़ा जाएगा।
12वीं का छात्र चला रहा था कार
जानकारी के अनुसार, कार गांव के प्रधान की बताई जा रही है। प्रधान के अनुसार, उनके बेटे का दोस्त कार लेकर गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि कार चलाने वाला 12वीं का छात्र था।
बताया जा रहा है कि स्कूल फेयरवेल के बाद आरोपी लखनऊ से कानपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान कार ने बाइक, ऑटो और ई-रिक्शा को टक्कर मारी और सड़क पार कर रहे लोगों को कुचला। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।








