दामाद के साथ फरार होकर सुर्खियों में आई महिला सपना देवी गुरुवार को करीब दस माह बाद थाने पहुंच गई। महिला ने होने वाले दामाद राहुल पर बंधक बनाकर पीटने और उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।
UP News: अलीगढ़ में कुछ ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया। दस माह पहले होने वाले दामाद राहुल कुमार के साथ फरार हुई महिला सपना देवी ने गुरुवार को थाने पहुंचकर अपनी कहानी पुलिस के सामने रखी। सपना ने दावा किया कि वह मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेल रही थीं और अब अकेले रहकर मजदूरी करना चाहती हैं। वहीं, राहुल ने भी अपना पक्ष रखा और महिला पर कई गंभीर आरोप लगाए।
सपना देवी का बयान: पछतावा और स्वतंत्रता की चाह
सपना देवी ने बताया कि वह होने वाले दामाद राहुल के प्रेम जाल में फंसकर उनके पास चली गई थीं। उन्होंने कहा कि राहुल ने उन्हें अपने जेवरात और नकदी खर्च करने के लिए मजबूर किया। इसके बाद, उनका कथित तौर पर बंधक बनाकर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया गया। सपना ने बताया कि उन्होंने अपने छोटे-छोटे बच्चों को छोड़कर यह कदम उठाया, जिसका अब उन्हें गहरा पछतावा है। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई कि अब उन्हें अकेले रहकर अपने पैरों पर खड़े होने और मेहनत-मजदूरी करने की अनुमति दी जाए।
सपना ने आरोप लगाया कि राहुल महिलाओं की खरीद-फरोख्त जैसे अवैध कार्यों में भी संलिप्त हैं। उन्होंने बताया कि पड़ोसी महिला की मदद से वह सुरक्षित बाहर आ सकीं और शनिवार की रात अलीगढ़ पहुंचीं। सपना ने कहा, मेरे जीजा पर गलत आरोप लगा रहे हैं। वह गरीब आदमी हैं। लेकिन राहुल ने कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर दी। उसे सजा होनी चाहिए।
![]()
राहुल का पक्ष: तांत्रिक क्रियाएं और परिवार पर आरोप
वहीं, राहुल कुमार ने थाना दादों में अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने दावा किया कि सपना देवी और उनके परिवार ने उन्हें बहला-फुसलाकर लिया और उनकी संपत्ति एवं परिवार को नुकसान पहुंचाया। राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि महिला तांत्रिक क्रियाएं (टोटका) करती थी और उसे तरह-तरह की चीजें पहनने के लिए मजबूर करती थी।
राहुल ने कहा कि उनके घर उजड़ने में महिला और उनके परिजनों की भूमिका है। उन्होंने क्षेत्राधिकारी छर्रा से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अधिकारी से मिलने में असमर्थ रहने के कारण मायूस लौटना पड़ा।
अलीगढ़ पुलिस के अनुसार मामला नेपाल बॉर्डर के पास का है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर पुलिस को प्राप्त हो चुकी है। थाना दादों के सीओ संजीव तोमर ने कहा कि जांच चल रही है। जांच में यदि कोई तथ्य सामने आता है तो स्थानीय पुलिस से संपर्क किया जाएगा। फिलहाल दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कैसे शुरू हुई सास-दामाद की प्रेम कहानी
इस पूरे विवाद की जड़ें सास और दामाद के प्रेम संबंध में हैं। थाना दादों के गांव मछरिया नगला निवासी राहुल कुमार की शादी अप्रैल 2025 में थाना मडराक के गांव मनोहरपुर में तय हुई थी। सगाई के बाद, सपना देवी और राहुल की मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे यह नजदीकियां प्यार में बदल गईं। विवाह से करीब 12 दिन पहले सपना देवी अपने पति और परिवार को छोड़कर राहुल के पास चली आईं।
इस मामले में पुलिस ने बिहार सहित कई राज्यों में दबिश दी। इसके बाद दोनों स्वयं थाने पहुंचे। मडराक थाने में सपना और राहुल ने लिखित बयान देकर यह स्वीकार किया कि वे जीवन भर साथ रहने की कसमें खा चुके हैं।









