विदिशा में भीषण सड़क हादसा: बारातियों से भरी कार सूखे तालाब में गिरी, 3 की मौत

विदिशा में बारातियों से भरी टवेरा कार तेज रफ्तार में तालाब में गिरी। तीन की मौत, सात घायल। गंभीर घायलों को भोपाल रेफर किया गया।

विदिशा में तेज रफ्तार टवेरा कार सूखे तालाब में गिरने से तीन बारातियों की मौत हो गई और सात घायल हो गए। हादसा शादी स्थल से एक किलोमीटर पहले हुआ। गंभीर घायलों को भोपाल रेफर किया गया है।

Madhya Pradesh: विदिशा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारातियों को लेकर जा रही टवेरा कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी।

अंधेरा होने के कारण ड्राइवर सड़क का संतुलन खो बैठा और वाहन सीधे तालाब में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

टवेरा कार में सवार थे 10 लोग

जानकारी के मुताबिक गैरतगंज से जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के यहां बारात आ रही थी। टवेरा कार में कुल 10 लोग सवार थे। शादी की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं।

विदिशा में भीषण सड़क हादसा: बारातियों से भरी कार सूखे तालाब में गिरी, 3 की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज गति से चल रही थी। ड्राइवर को अंधेरे में मोड़ का अंदाजा नहीं लगा और वाहन बेकाबू हो गया। हादसा शादी वाले घर से करीब एक किलोमीटर पहले हुआ।

तीन की मौत

इस हादसे में 35 वर्षीय राजेश लोधी, 30 वर्षीय सोनू लोधी (ड्राइवर) और 35 वर्षीय चंद्रशेखर की मौके पर ही जान चली गई।

वहीं सात लोग घायल हो गए। घायलों में 45 वर्षीय भावसिंह लोधी, 10 वर्षीय ऋतुराज लोधी और एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद विदिशा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां हालत बिगड़ने पर भोपाल रेफर कर दिया गया।

अन्य घायलों में अशोक लोधी (25) का बायां हाथ फ्रैक्चर हुआ है। राज बोधी (14) के पेट में गंभीर चोट आई है। बृजेश लोधी (27) और सुदीप लोधी (20) को सीने में चोटें आई हैं। सभी का इलाज जारी है।

ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने निजी वाहनों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर राहत नहीं मिलती तो मृतकों की संख्या और बढ़ सकती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a comment