मौसम अपडेट: देश के 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने आंधी-तूफान और बिजली गिरने की दी चेतावनी

India Meteorological Department ने देश के 12 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। जानिए प्रभावित राज्य, मौसम की संभावना

देश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। गर्मी की दस्तक से पहले एक बार फिर बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग (IMD) ने 24 फरवरी के लिए देश के 12 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

नई दिल्ली:  देश में गर्मी के दस्तक देने से पहले अब बारिश लोगों के लिए असमानी आफत बनकर परेशानी खड़ी कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, देश के 12 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी है। कुछ राज्यों में तेज आंधी और बिजली गिरने से मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। पंजाब में 24 फरवरी को सुबह घने कोहरे के कारण परेशानी बढ़ सकती है। 

अगले 4 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। वहीं, अगले 3 दिनों में विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।

देश के प्रभावित राज्य

मौसम विभाग के अनुसार जिन राज्यों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी है, उनमें शामिल हैं:

  • हिमाचल प्रदेश
  • उत्तराखंड
  • जम्मू-कश्मीर
  • झारखंड
  • पश्चिम बंगाल
  • अरुणाचल प्रदेश
  • असम
  • मेघालय
  • सिक्किम
  • तेलंगाना
  • छत्तीसगढ़
  • महाराष्ट्र

पूर्वी भारत में गंगा के मैदानी क्षेत्रों समेत असम, मेघालय, झारखंड, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में गरज और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, हिमालयी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 26 से 28 फरवरी तक छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली और यूपी का मौसम

दिल्ली में 24 और 25 फरवरी को मौसम साफ रहेगा। सुबह हल्की हवा 10-15 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी, जिससे प्रदूषण में राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम 14°C रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में पश्चिमी यूपी में हल्की छिटपुट बारिश हो सकती है। बारिश की संभावना वाले जिलों में बागपत, अमरोहा और मुरादाबाद शामिल हैं। 

पूर्वी यूपी के जिलों में तापमान बढ़ेगा, जिनमें गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, बस्ती, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही शामिल हैं। लखनऊ में अधिकतम 28°C और न्यूनतम 14°C, कानपुर में अधिकतम 29°C और न्यूनतम 15°C रहेगा।

बिहार और  उत्तर भारतीय राज्य

बिहार में कल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में 1-2°C की बढ़ोतरी हो सकती है। प्रभावित जिलों में पटना, गया, जहानाबाद, सिवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर शामिल हैं। पटना में अधिकतम 29°C और न्यूनतम 16°C रहेगा। उत्तराखंड में 26 से 28 फरवरी तक नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, टिहरी और अल्मोड़ा में बारिश की चेतावनी। देहरादून में अधिकतम 22°C और न्यूनतम 11°C रहेगा।

हिमाचल प्रदेश में शिमला, कुल्लू, मंडी, ऊना, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर और लाहौल-स्पीति में 26-28 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी की संभावना। मनाली में अधिकतम -1°C और न्यूनतम -11°C तक तापमान गिर सकता है। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, शोपियां, कुलगाम में बारिश की संभावना। श्रीनगर में अधिकतम 13°C और न्यूनतम 1°C, जम्मू और कठुआ में तापमान 3-4°C तक बढ़ सकता है।

अन्य राज्यों का मौसम

राजस्थान: अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना नहीं। जयपुर, अजमेर, अलवर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और गंगापुर सिटी में अधिकतम तापमान बढ़ेगा।

मध्य प्रदेश: जबलपुर, कटनी, मुरैना, रीवा, सागर, सतना, शहडोल, विदिशा, खरगोन और दतिया में बारिश की संभावना। भोपाल में अधिकतम 29°C और न्यूनतम 17°C, इंदौर और ग्वालियर में हल्की गर्मी बनी रहेगी।

तमिलनाडु: पश्चिमी घाट क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश की संभावना नहीं। मछुआरों को समुद्री किनारे से दूर रहने की चेतावनी दी गई है।

Leave a comment