Columbus

महाराष्ट्र: आजाद मैदान से मराठा आंदोलनकारियों को हटाया, चार कैबिनेट मंत्री मनोज जरांगे से मिलने पहुंचे

महाराष्ट्र: आजाद मैदान से मराठा आंदोलनकारियों को हटाया, चार कैबिनेट मंत्री मनोज जरांगे से मिलने पहुंचे

मुंबई के आजाद मैदान को बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद खाली कराया जा रहा है। मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे के समर्थकों और पुलिस के बीच बहस हुई। महाराष्ट्र सरकार के चार मंत्री जरांगे से मिलने पहुंचे।

मुंबई: महाराष्ट्र के आजाद मैदान को बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद खाली कराया जा रहा है। मराठा आरक्षण को लेकर पिछले चार दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे मनोज जरांगे के समर्थकों को पुलिस हटाने में जुटी है। इस दौरान महाराष्ट्र सरकार के चार कैबिनेट मंत्री मनोज जरांगे से मिलने आजाद मैदान पहुंचे। मंच के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हाईकोर्ट ने आदेश दिया था कि 3 बजे तक मैदान को खाली कराया जाए। पुलिस और समर्थकों के बीच बहस भी हुई, लेकिन माहौल को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।

आजाद मैदान में प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाई

आज सुबह से ही पुलिस ने आजाद मैदान के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी। बॉम्बे हाईकोर्ट ने स्पष्ट रूप से आदेश दिया था कि मैदान को 3 बजे तक खाली कराया जाना चाहिए। पुलिस की कार्रवाई के दौरान समर्थकों और पुलिस के बीच बहस और हल्की खींचतान देखने को मिली। मंगलवार को मनोज जरांगे का आमरण अनशन का पांचवां दिन था।

इस दौरान महाराष्ट्र सरकार का एक डेलिगेशन भी आजाद मैदान पहुंचा। मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, शिवेंद्र राजे भोंसले, जय कुमार गोरे और माणिकराव कोकाटे मनोज जरांगे से मुलाकात के लिए मैदान पर मौजूद थे। मंत्रियों ने जरांगे के मंच पर स्थिति का जायजा लिया और आंदोलनकारियों को सरकार की ओर से किए गए आश्वासनों की जानकारी दी।

मंत्रियों ने आंदोलनकारियों को अहम आश्वासन दिए

जरांगे पाटिल के अनुसार, 58 लाख मराठा समाज के लोगों को जो कुनबी का सर्टिफिकेट मिला है, उसकी जानकारी ग्राम पंचायत तक पहुँचाई जाएगी। इसके अलावा जिन आंदोलनकारियों पर केस दर्ज किए गए हैं, उन्हें हटाने की प्रक्रिया की जाएगी। आंदोलन के दौरान हुई मौतों के परिवारों को आर्थिक मदद और नौकरी देने का भी आश्वासन मंत्रियों ने दिया।

राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा कि हैदराबाद गजेटियर को मराठा आरक्षण के लिए लागू किया जाएगा और इसके कानूनी मान्यता देने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। शिवेंद्र राजे भोंसले ने सतारा गजेट के लागू होने का भरोसा दिलाया। जरांगे पाटिल ने कहा कि सरकार को एक महीने के भीतर सतारा गजेट और तत्क्षण हैदराबाद गजेट की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।

मनोज जरांगे ने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की

आजाद मैदान पर मंत्रियों के आगमन और वार्ता के बाद आंदोलनकारियों में संतोष का भाव देखा गया। मंत्रियों ने जरांगे पाटिल को सरकार की प्रतिबद्धता का भरोसा दिलाया और आश्वासन दिया कि समिति के सुझावों के अनुसार आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

मनोज जरांगे ने भी अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की हिंसा या सार्वजनिक दिक्कत पैदा करने से बचना चाहिए। जरांगे ने स्पष्ट किया कि कोर्ट के आदेश का पालन किया जाएगा और प्रशासन के साथ सहयोग किया जाएगा।

बॉम्बे हाईकोर्ट का सख्त आदेश

बॉम्बे हाईकोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि आजाद मैदान को खाली कराना अनिवार्य है और आदेश का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोर्ट ने दोनों पक्षों — सरकार और प्रदर्शनकारी — से इस आदेश का पालन करने को कहा था। सोमवार को भी कोर्ट ने आंदोलनकारियों से सड़कें साफ करने और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए कहा था।

Leave a comment