महवा–मंडावर–राजगढ़ मेगा हाईवे को चार लेन बनाने की मंजूरी मिल गई है। 862 करोड़ की इस परियोजना में फ्लाईओवर भी बनेगा। इससे यातायात सुगम होगा, दुर्घटनाएं घटेंगी और अलवर क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
Rajasthan: अलवर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना को मंजूरी दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-921, जो अभी दो लेन का है, अब चार लेन में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए 862.22 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस परियोजना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इससे क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी। सड़क चौड़ी होने से भारी वाहनों और आम यात्रियों दोनों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
महवा बाईपास से कोठी नारायणपुर तक होगा निर्माण
यह मेगा हाईवे परियोजना प्रस्तावित महवा बाईपास के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-21 के जंक्शन से शुरू होगी। इसके बाद यह सड़क महवा, मंडावर और राजगढ़ होते हुए कोठी नारायणपुर के पास राज्य राजमार्ग-25 तक विकसित की जाएगी।
चार लेन सड़क बनने से लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक की समस्या कम होगी। वाहन चालकों को बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। साथ ही सफर का समय भी घटेगा और ईंधन की बचत होगी, जिससे आम लोगों का खर्च कम होगा।
फ्लाईओवर से बढ़ेगी सुरक्षा
परियोजना के तहत ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए एक फ्लाईओवर का भी निर्माण किया जाएगा। यह फ्लाईओवर राष्ट्रीय राजमार्ग-921 के जंक्शन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर बनेगा। फ्लाईओवर बनने से दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और वाहनों की आवाजाही बिना रुकावट के हो सकेगी। खासकर भारी ट्रैफिक वाले समय में यह फ्लाईओवर बड़ी राहत साबित होगा।
चार लेन हाईवे से महवा, मंडावर, राजगढ़ और आसपास के कस्बों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। व्यापार, उद्योग और पर्यटन से जुड़े लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़कें होने से नए निवेश के अवसर भी पैदा होंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परियोजना इलाके के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। लंबे समय से लोग इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है।










