मणिपुर में एक बार फिर एनडीए सरकार का गठन हो गया है, जिसकी कमान युमनाम खेमचंद ने मुख्यमंत्री के रूप में संभाली है। उन्हें आज बुधवार को राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
Manipur CM Oath Ceremony: इंफाल में हुए भव्य शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता युमनाम खेमचंद सिंह ने मणिपुर के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्हें राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही मणिपुर में राष्ट्रपति शासन समाप्त होने के कुछ ही घंटों बाद एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार स्थापित हो गई है।
यह शपथ ग्रहण समारोह इम्फाल के ‘लोक भवन’ में आयोजित किया गया, जिसमें BJP के कई वरिष्ठ नेता, NDA के प्रमुख सहयोगी दलों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विधायक मौजूद रहे। लंबे राजनीतिक अनिश्चितता के बाद यह कार्यक्रम राज्य में लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बहाली का प्रतीक माना जा रहा है।
दो उपमुख्यमंत्री और नए मंत्री भी हुए शामिल
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद के साथ दो उपमुख्यमंत्रियों ने भी शपथ ली। कुकी समुदाय से आने वाली BJP विधायक नेमचा किपगेन ने वर्चुअल माध्यम से उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के विधायक एल. डिखो को राज्यपाल ने व्यक्तिगत रूप से उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।
इसके अलावा, मंत्रिमंडल में BJP के गोविंदास कोंथौजम और नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के के. लोकेन सिंह को मंत्री बनाया गया। दोनों नेताओं ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला के सामने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। यह संतुलित मंत्रिमंडल राज्य के विभिन्न समुदायों और राजनीतिक दलों का प्रतिनिधित्व करता है।
![]()
राष्ट्रपति शासन के बाद नई शुरुआत
मणिपुर पिछले साल फरवरी से राष्ट्रपति शासन के अधीन था, क्योंकि राज्य में जातीय हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता के कारण चुनी हुई सरकार प्रभावी रूप से कार्य नहीं कर पा रही थी। बुधवार को राष्ट्रपति शासन हटाए जाने के कुछ घंटों बाद ही नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर BJP मणिपुर इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “मणिपुर के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है, क्योंकि वाई. खेमचंद सिंह ने आज लोक भवन में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
पार्टी ने यह भी बताया कि इस अवसर पर BJP के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, प्रवक्ता संबित पात्रा, मणिपुर BJP अध्यक्ष शारदा देवी और कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। शपथ ग्रहण से पहले बुधवार को युमनाम खेमचंद सिंह ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उनके नेतृत्व में NDA प्रतिनिधिमंडल ने इंफाल के लोक भवन में राज्यपाल से औपचारिक भेंट की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में चुराचांदपुर और फेरजॉल जैसे कुकी बहुल जिलों के दो विधायक भी शामिल थे, जो सरकार में व्यापक राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संकेत देता है।
इससे पहले मंगलवार को नई दिल्ली में BJP विधायक दल की बैठक हुई थी, जिसमें सर्वसम्मति से युमनाम खेमचंद सिंह को नेता चुना गया। इसके बाद NDA विधायक दल की बैठक में भी उन्हें गठबंधन का नेता घोषित किया गया, जिससे उनका मुख्यमंत्री बनना तय हो गया था।











