Columbus

मॉनसून की वापसी: यूपी, दिल्ली और उत्तराखंड में बदला मौसम, रात को महसूस हों लगी गुलाबी सर्दी

मॉनसून की वापसी: यूपी, दिल्ली और उत्तराखंड में बदला मौसम, रात को महसूस हों लगी गुलाबी सर्दी

देशभर में मॉनसून की वापसी का दौर शुरू हो गया है, जिससे कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब पीछे हटने लगा है।

Weather Update: देशभर में अब मॉनसून की वापसी शुरू हो गई है, जिससे कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिला है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून धीरे-धीरे पीछे हट रहा है और अगले कुछ दिनों में कई राज्यों से पूरी तरह विदा हो जाएगा। मौसम बदलने के साथ-साथ तापमान में गिरावट और रात के समय ठंडक महसूस होने लगी है। विभाग ने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।

मॉनसून की वापसी की स्थिति

IMD ने बताया कि मॉनसून की वापसी की रेखा अब अलीबाग, अहमदनगर, अकोला, जबलपुर, वाराणसी और रक्सौल होते हुए नेपाल सीमा तक पहुंच गई है। 10 अक्टूबर तक मॉनसून गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों और बिहार के कुछ भागों से लौट चुका है। अगले 3-4 दिनों में यह झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और तेलंगाना के कुछ हिस्सों से भी विदा होगा।

मौसम बदलने के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मौसम-संवेदनशील व्यक्तियों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 अक्टूबर तक बारिश की संभावना नहीं है, जिससे मौसम शुष्क और धूप वाली रहेगी। उत्तर प्रदेश में मॉनसून अब विदाई की ओर है। बीते कुछ दिनों से मौसम साफ बना हुआ है और 11-12 अक्टूबर को भी प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। 

इस दौरान तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को महसूस हो सकती है। 13-15 अक्टूबर के बीच प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और हवा भी कम चलेगी।

बिहार और उत्तराखंड का मौसम

बिहार में मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया जारी है। अगले 2-3 दिनों में राज्य से मॉनसून पूरी तरह लौट जाएगा। IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन में धूप खिलने के बावजूद रात में हल्की ठंडक रहेगी। न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

उत्तराखंड में मौसम विभाग के अनुसार 15 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। पिछले तीन दिनों तक पर्वतीय इलाकों में लगातार बारिश और बर्फबारी हुई थी। केदारनाथ धाम में बर्फबारी और बारिश के कारण धाम परिसर में 5-6 इंच तक बर्फ जमा हो गई है। घाटी में ठंडक बढ़ गई है और पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय तापमान 10 डिग्री के आसपास रह सकता है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। पूरे राज्य में मौसम साफ और ठंडा रहेगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात और सुबह के समय तापमान में गिरावट आएगी। कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 6-8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। IMD ने पर्यटकों को पहाड़ी रास्तों पर सुबह के कोहरे और फिसलन से सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave a comment