मुंबई आने वाली एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में सिगरेट पीने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दुबई से मुंबई आ रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-60 में एक यात्री ने विमान के टॉयलेट में ई-सिगरेट पी, जिससे क्रू मेंबर्स और बाकी यात्रियों में हड़कंप मच गया।
घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है, जब फ्लाइट हवा में थी। उसी दौरान सीनियर कैबिन क्रू मेंबर महेश लोला को टॉयलेट के पास सिगरेट जैसी गंध महसूस हुई। विमानन नियमों के अनुसार, उड़ान के दौरान धूम्रपान सख्त रूप से प्रतिबंधित है और इसे लेकर फ्लाइट के अंदर चेतावनी संकेत भी लगाए गए थे। क्रू की ओर से पहले ही यात्रियों को इसकी जानकारी दे दी गई थी।
यात्री ने कबूला सिगरेट पीने का आरोप
महेश लोला ने जब शक के आधार पर 1K सीट पर बैठे यात्री मुर्तजा राअली खान से पूछताछ की, तो उसने स्वीकार किया कि उसने टॉयलेट में ई-सिगरेट का इस्तेमाल किया। खान ने एक हरे रंग की ई-सिगरेट भी दिखाई, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया। इसके बाद घटना की जानकारी विमानन प्रोटोकॉल के तहत पायलट को दी गई और एयरपोर्ट अधिकारियों को लैंडिंग से पहले ही सूचित कर दिया गया।
लैंडिंग के बाद तुरंत शुरू हुई कार्रवाई
जैसे ही विमान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (टर्मिनल 2) पर पहुंचा, ड्यूटी पर तैनात स्पाइसजेट के सुरक्षाकर्मी को इस घटना के बारे में जानकारी दी गई। स्पाइसजेट एयरलाइंस के ड्यूटी मैनेजर चंद्रकांत सोनवणे ने मुर्तजा खान के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। एयरलाइन ने मामले को गंभीरता से लिया और इसे सुरक्षा उल्लंघन मानते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी।
BNS और विमान नियमों के तहत मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर नजदीकी सहार पुलिस स्टेशन में मुर्तजा खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और विमान नियम, 1937 की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सहार पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उसे आगे की जांच के लिए पुलिस के समक्ष पेश होने का नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
फ्लाइट में मौजूद यात्री भी हुए नाराज
इस घटना के बाद फ्लाइट में मौजूद अन्य यात्री भी सकते में आ गए। उड़ान के दौरान सिगरेट पीने जैसी हरकत को यात्रियों ने गैर-जिम्मेदाराना और असुरक्षा फैलाने वाला कदम बताया। कई लोगों ने इस पर नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्पाइसजेट की ओर से कहा गया है कि सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी यात्री के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।