नागौर के डेगाना में अजीब घटना: सराफा दुकान से कबूतर ले उड़ा एक लाख की सोने की चेन

डेगाना में सराफा दुकान से कबूतर सोने की चेन ले उड़ा। कुछ देर की अफरा-तफरी के बाद चेन सुरक्षित मिल गई, घटना सोशल मीडिया पर वायरल है।
नागौर के डेगाना में अजीब घटना: सराफा दुकान से कबूतर ले उड़ा एक लाख की सोने की चेन

डेगाना के सराफा बाजार में एक कबूतर ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन लेकर उड़ गया। कुछ देर तक बाजार में अफरा-तफरी मची रही, बाद में कबूतर ने चेन गिरा दी और व्यापारी राहत की सांस ले सके।

Rajasthan: सोने के लगातार बढ़ते दामों के बीच चोरी की घटनाओं से व्यापारी पहले ही परेशान रहते हैं, लेकिन नागौर जिले के डेगाना शहर में जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया। यह घटना डेगाना के व्यस्त सराफा बाजार की है, जहां रोज की तरह एक ज्वेलरी दुकान में सोने के आभूषण तैयार किए जा रहे थे।

इसी दौरान अचानक एक कबूतर दुकान के अंदर घुस आया। कुछ ही पलों में वह तैयार हो रही सोने की चेन को अपनी चोंच में दबाकर उड़ गया। यह नजारा देखकर दुकानदार और वहां मौजूद लोग कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए।

करीब एक लाख की चेन लेकर छत पर जा बैठा कबूतर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कबूतर दुकान से उड़ते हुए पास की इमारत की छत पर जा बैठा। सोने की चेन की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे सराफा बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

नागौर के डेगाना में अजीब घटना: सराफा दुकान से कबूतर ले उड़ा एक लाख की सोने की चेन

दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर किसी की नजर उस कबूतर पर टिकी हुई थी, जिसके मुंह में सोने की चेन लटक रही थी। दुकानदार और आसपास के व्यापारी किसी तरह चेन वापस पाने की कोशिश में जुट गए।

काफी मशक्कत के बाद वापस मिली सोने की चेन

करीब कुछ समय तक चले प्रयासों के बाद कबूतर घबरा गया और उसने छत से उड़ते समय सोने की चेन नीचे गिरा दी। चेन सुरक्षित मिलने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली।

सराफा बाजार के व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने आज तक चोरी की कई घटनाएं देखी हैं, लेकिन कबूतर द्वारा सोने की चेन ले जाने जैसी घटना पहली बार सामने आई है। बढ़ते सोने के दामों के कारण सुरक्षा पहले से ही बड़ी चिंता बनी हुई है, और इस घटना ने सभी को चौंका दिया।

इस अनोखी घटना के फोटो और वीडियो भी सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं और इसे “सबसे अलग चोरी” बता रहे हैं। घटना के बाद देर तक डेगाना का सराफा बाजार इसी अजीब किस्से को लेकर चर्चा में बना रहा।

Leave a comment