‘नई नवेली’ का दूसरा गाना ‘फटा पटाखा’ रिलीज, जॉम्बीज के साथ यामी गौतम ने किया धमाकेदार डांस

यामी गौतम की फिल्म 'नई नवेली' का नया गाना 'फटा पटाखा' रिलीज हो गया है। गाने में जॉम्बीज के साथ यामी गौतम का शानदार डांस देखने को मिल रहा है। जानें गाने

फिल्म ‘नई नवेली’ में लीड रोल निभा रहीं यामी गौतम धर पहली बार एक बिल्कुल अलग और अनदेखे अवतार में नजर आएंगी। फिल्म की कहानी इंडियन फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर की दुनिया को पेश करती है, जिसमें मस्ती, रहस्य और भरपूर मनोरंजन देखने को मिलेगा।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम धर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘नई नवेली’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है और अब इसका दूसरा गाना ‘फटा पटाखा’ रिलीज कर दिया गया है। यह एक हाई-एनर्जी डांस नंबर है, जिसमें यामी गौतम एक बिल्कुल अलग और मजेदार अंदाज में नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि गाने में उनके साथ जॉम्बीज की पूरी टोली भी दिखाई देती है, जो इसे आम बॉलीवुड डांस सॉन्ग से काफी अलग बनाती है।

‘नई नवेली’ को एक इंडियन फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर के तौर पर पेश किया जा रहा है। फिल्म की कहानी में फैंटेसी, मस्ती, रहस्य और कॉमेडी का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। ऐसे में ‘फटा पटाखा’ फिल्म की इसी विचित्र और मनोरंजक दुनिया की झलक देता है। गाने में यामी गौतम का किरदार जॉम्बीज से घिरी एक खास डांस पार्टी के बीच दिखाई देता है, जहां म्यूजिक और डांस का जबरदस्त तड़का देखने को मिलता है।

जी. वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया गाना

‘फटा पटाखा’ को जी. वी. प्रकाश कुमार ने कंपोज करने के साथ-साथ प्रोड्यूस भी किया है। गाने के बोल मशहूर गीतकार वायु ने लिखे हैं, जबकि मधुबंती बागची ने इसे अपनी आवाज दी है। इस गाने को जी म्यूजिक कंपनी ने रिलीज किया है। फिल्म का निर्माण अमेजन MGM स्टूडियोज और कलर येलो के साथ मिलकर किया जा रहा है।

गाने की सबसे बड़ी खासियत इसकी तेज रफ्तार बीट्स और आकर्षक हुक स्टेप्स हैं। विजय गांगुली ने इसकी कोरियोग्राफी की है। स्क्रीन पर यामी गौतम का डांस और उनके आसपास नजर आने वाले जॉम्बीज गाने को एक अनोखा विजुअल ट्रीट बनाते हैं। बड़े सेट, रंगीन माहौल और लार्जर-दैन-लाइफ कोरियोग्राफी के साथ ‘फटा पटाखा’ फिल्म के फैंटेसी एलिमेंट को म्यूजिकल अंदाज में सामने रखता है।

नवरात्रि के माहौल के लिए खास डांस ट्रैक

‘फटा पटाखा’ की टाइमिंग भी इसे खास बनाती है। नवरात्रि के दौरान जब देशभर में डांस और गरबा की धूम रहती है, ऐसे में यह गाना अपने उत्साह और एनर्जी के कारण लोगों को आकर्षित कर सकता है। गाने का पार्टी मूड, तेज रिदम और आसानी से याद रहने वाला हुक इसे फेस्टिव सीजन के लिए एक संभावित डांस एंथम के तौर पर पेश करता है।

जी. वी. प्रकाश कुमार ने बताया गाने के पीछे का आइडिया

गाने के बारे में जी. वी. प्रकाश कुमार ने बताया कि ‘फटा पटाखा’ के जरिए उन्होंने कुछ अलग तरह की म्यूजिकल दुनिया तैयार करने की कोशिश की। उनका उद्देश्य ऐसा ट्रैक बनाना था, जो पहली ही बीट से जश्न का माहौल पैदा करे और साथ ही ‘नई नवेली’ की विचित्र और क्वर्की दुनिया के साथ भी जुड़ा रहे। उन्होंने बताया कि गाने में मजबूत हुक और लगातार बनी रहने वाली एनर्जी पर खास ध्यान दिया गया है।

उनके मुताबिक, वायु के शब्दों और मधुबंती बागची की आवाज ने इस गाने के मजेदार और बेबाक अंदाज को सही तरीके से उभारा है। वहीं, यामी गौतम की स्क्रीन परफॉर्मेंस ने ट्रैक की ऊर्जा को और बढ़ा दिया है।

Leave a comment