अविनाश मिश्रा ने ईशा सिंह से अलग होने की पुष्टि कर दी है। अभिनेता ने ब्रेकअप की जिम्मेदारी लेते हुए ईशा और उनके परिवार से माफी मांगी है। उन्होंने परिवारों को धमकी नहीं देने की अपील भी की।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: टीवी अभिनेता और खतरों के खिलाड़ी 15 के विजेता अविनाश मिश्रा ने ईशा सिंह के साथ अपने रिश्ते को लेकर चुप्पी तोड़ दी है। पिछले कुछ दिनों से दोनों के ब्रेकअप की खबरें सोशल मीडिया पर चर्चा में थीं। अब अविनाश ने अलग होने की पुष्टि करते हुए इसकी जिम्मेदारी खुद ली है। उन्होंने ईशा से माफी मांगने के साथ लोगों से उनके परिवारों को विवाद से दूर रखने की गुजारिश की है।
ईशा सिंह से अलग होने पर अविनाश मिश्रा ने तोड़ी चुप्पी
बिग बॉस 18 से चर्चा में आई अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह की जोड़ी अब अलग हो चुकी है। पिछले दिनों दोनों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया था। इसके बाद से ही उनके रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आने लगी थीं। हालांकि, उस समय दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर खुलकर कुछ नहीं कहा था।
![]()
विवाद उस वक्त बढ़ गया, जब अविनाश ने एक क्लब में डीजे कार्यक्रम के दौरान बेवफाई से जुड़ा गाना बजवाया। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे ईशा के साथ उनके रिश्ते से जोड़कर देखा। इसके बाद ईशा ने भी बिना किसी का नाम लिए अपनी बात रखी और सच सामने लाने की बात कही थी।
बिग बॉस के पूर्व कंटेस्टेंट रजत दलाल ने भी इस मामले में अविनाश की आलोचना की थी। रजत और ईशा के बीच भाई-बहन जैसा रिश्ता है। लगातार बढ़ती चर्चाओं के बीच अब अविनाश ने सार्वजनिक तौर पर अपनी सफाई दी है।
अविनाश ने ली ब्रेकअप की जिम्मेदारी
अविनाश मिश्रा ने सोशल मीडिया पर बताया कि डीजे कार्यक्रम के दौरान बजाए गए गाने को लोगों ने अलग नजरिए से देखा। उन्होंने स्वीकार किया कि इस घटना से ईशा और उनके परिवार को ठेस पहुंची है। अभिनेता के मुताबिक, उनका मकसद किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था।
उन्होंने गाने से जुड़े विवाद के साथ अपने रिश्ते के टूटने को लेकर भी ईशा से माफी मांगी। अविनाश ने कहा कि अगर इस मामले में किसी को जिम्मेदार ठहराना है, तो उन्हें ठहराया जाए। उन्होंने रिश्ते में हुई अपनी गलतियों को भी स्वीकार किया।
हालांकि, दोनों के अलग होने की वास्तविक वजह क्या रही, इस बारे में अविनाश ने विस्तार से जानकारी नहीं दी है। सोशल मीडिया पर बेवफाई को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन अभिनेता ने अपने बयान में इन आरोपों का स्पष्ट विवरण नहीं दिया।
परिवार और दोस्तों को धमकी नहीं देने की अपील
अविनाश ने अपने बयान में सबसे ज्यादा चिंता परिवार और दोस्तों को लेकर जताई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनके निजी रिश्ते से जुड़े विवाद में परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों को शामिल नहीं किया जाए।
अभिनेता का कहना है कि यह मामला दो लोगों के बीच का है और इसे बेवजह आगे नहीं बढ़ाना चाहिए। उन्होंने परिवारों और दोस्तों को धमकी देने वालों से ऐसा नहीं करने की गुजारिश की है।
अविनाश ने यह भी माना कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवन से जुड़ी कुछ चीजों में सुधार करने की जरूरत है। उन्होंने संकेत दिया कि फिलहाल वह खुद पर ध्यान देना चाहते हैे।
बिग बॉस 18 के घर से शुरू हुई थी दोनों की कहानी
अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह की दोस्ती बिग बॉस 18 के दौरान गहरी हुई थी। शो में दोनों की अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिली थी। दर्शकों के बीच भी उनकी जोड़ी काफी पसंद की गई। बिग बॉस खत्म होने के बाद दोनों ने कई म्यूजिक वीडियो में साथ काम किया।
ऑनस्क्रीन के अलावा निजी जिंदगी में भी दोनों की नजदीकियों को लेकर चर्चा होती रही। कुछ समय पहले रियलिटी शो पति-पत्नी और पंगा 2 में दोनों ने अपने रिश्ते की पुष्टि की थी। इसी शो के दौरान अविनाश ने ईशा से अपने प्यार का इजहार भी किया था।











