गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले I4C ने WhatsApp Web यूजर्स को सुरक्षा संबंधी चेतावनी जारी की है। ब्राउजर बंद करने के बाद भी अकाउंट एक्टिव रह सकता है, जिससे निजी जानकारी खतरे में पड़ सकती है।
Tech: ऑफिस, साइबर कैफे या किसी दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते हैं तो अब ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने यूजर्स को काम पूरा होने के बाद अकाउंट से लॉगआउट करने की सलाह दी है। केवल ब्राउजर बंद कर देना पर्याप्त नहीं है। ऐसी स्थिति में किसी दूसरे व्यक्ति के हाथ आपके निजी मैसेज और जरूरी जानकारियां लग सकती हैं।
WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों के लिए सरकार की चेतावनी
ऑफिस में काम करते समय बार-बार मोबाइल देखने के बजाय बहुत से लोग कंप्यूटर पर ही WhatsApp चला लेते हैं। इससे मैसेज भेजने, जरूरी फाइल शेयर करने और बातचीत करने में आसानी होती है। हालांकि, परेशानी तब हो सकती है जब यूजर काम खत्म होने के बाद बिना लॉगआउट किए कंप्यूटर छोड़ देता है।
![]()
गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर ने इसी लापरवाही को लेकर लोगों को सतर्क किया है। I4C की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट की ओर से जारी एडवाइजरी में खास तौर पर ऐसे कंप्यूटर पर WhatsApp इस्तेमाल करने वालों को सावधान रहने की सलाह दी गई है, जिनका उपयोग एक से अधिक लोग करते हैं।
ब्राउजर बंद करने के बाद भी सुरक्षित नहीं है अकाउंट
अक्सर लोग WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद ब्राउजर का टैब बंद कर देते हैं। उन्हें लगता है कि अब उनका अकाउंट भी बंद हो गया है, जबकि ऐसा जरूरी नहीं है। कई बार कंप्यूटर पर WhatsApp का सेशन एक्टिव रहता है। ऐसे में उसी ब्राउजर का इस्तेमाल करने वाला दूसरा व्यक्ति आपके अकाउंट तक पहुंच सकता है।
यदि किसी अनजान व्यक्ति को एक्टिव सेशन मिल जाता है तो वह आपके निजी मैसेज पढ़ सकता है। इसके अलावा उसे कॉन्टैक्ट लिस्ट, ग्रुप चैट और बातचीत में शेयर की गई जानकारियां भी दिखाई दे सकती हैं। वह आपके अकाउंट से दूसरे लोगों को मैसेज भी भेज सकता है।
इसका फायदा साइबर ठग भी उठा सकते हैं। वे आपकी पहचान का इस्तेमाल करके दोस्तों या रिश्तेदारों से संपर्क कर सकते हैं। परिचित व्यक्ति के नंबर से मैसेज आने पर कई बार लोग उसकी सच्चाई जांचे बिना भरोसा कर लेते हैं।
सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp चलाने से बचें
I4C ने लोगों को साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर और दूसरे व्यक्तियों से लिए गए कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगइन करने से बचने की सलाह दी है। अगर किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर थोड़ी देर के लिए WhatsApp चलाना जरूरी हो तो ब्राउजर की प्राइवेट विंडो का इस्तेमाल करें। हालांकि, प्राइवेट विंडो इस्तेमाल करने के बावजूद काम पूरा होते ही लॉगआउट करना जरूरी है।
WhatsApp के जरिए बैंक अकाउंट की जानकारी, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील दस्तावेज भेजने से भी बचना चाहिए। खासकर उस समय जब आप अपने निजी मोबाइल या कंप्यूटर के बजाय किसी दूसरे डिवाइस का इस्तेमाल कर रहे हों।
इसके अलावा कंप्यूटर के ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और एंटीवायरस को समय-समय पर अपडेट करते रहें। किसी अनजान व्यक्ति से मिले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अपरिचित App डाउनलोड करने से भी बचें।
लॉगआउट करना भूल गए हैं तो मोबाइल से करें ये काम
अगर आप ऑफिस या किसी अन्य जगह पर WhatsApp Web से लॉगआउट करना भूल गए हैं तो इसके लिए दोबारा उसी कंप्यूटर के पास जाने की जरूरत नहीं है। अपने मोबाइल में WhatsApp खोलें और Linked Devices के विकल्प पर जाएं। यहां उन डिवाइस की जानकारी दिखाई देगी, जिनसे आपका अकाउंट जुड़ा हुआ है।
जिस कंप्यूटर से अकाउंट हटाना चाहते हैं, उस पर टैप करके लॉगआउट कर दें। अगर सूची में कोई ऐसा डिवाइस दिखाई देता है जिसे आप नहीं पहचानते हैं तो उसे भी तुरंत हटा दें। समय-समय पर Linked Devices की जांच करना सुरक्षा के लिहाज से अच्छी आदत है।
यदि आपके अकाउंट से कोई ऐसा मैसेज भेजा गया है जिसे आपने नहीं लिखा या परिचित लोगों से असामान्य जवाब मिल रहे हैं तो इसे नजरअंदाज न करें। तुरंत जुड़े हुए डिवाइस की जांच करें। साइबर ठगी की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर दर्ज कर सकते हैं। आर्थिक धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।










