NDA का ‘मिशन बिहार: पीएम मोदी 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर और 2 नवंबर को पटना में करेंगे रोड शो

NDA का ‘मिशन बिहार: पीएम मोदी 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर और 2 नवंबर को पटना में करेंगे रोड शो

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए (NDA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपना ग्रैंड प्लान तैयार कर लिया है। पहले चरण का मतदान 6 नवम्बर को होने वाला है, और उससे पहले बीजेपी का फोकस राज्य के अधिकतम मतदाताओं तक पहुंचने पर है।

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे भारतीय जनता पार्टी (BJP) और नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) ने अपनी चुनावी रणनीति को तेज कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आने वाले दिनों में बिहार में लगातार रैलियों और रोड शो के जरिए एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने में जुटेंगे। पार्टी ने इसके लिए विस्तृत “ग्रैंड कैंपेन प्लान” तैयार किया है, जिसके तहत 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर और 2 नवंबर को पटना में बड़े कार्यक्रम तय किए गए हैं।

बिहार में ‘मिशन बिहार’ की शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी ने 24 अक्टूबर को बिहार में ‘मिशन बिहार’ की शुरुआत की थी। उन्होंने समस्तीपुर में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की धरती से चुनावी अभियान का शंखनाद किया और बेगूसराय में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उनके भाषण में बिहार के विकास, गरीब कल्याण योजनाओं, और एनडीए सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत उल्लेख रहा।

अब प्रधानमंत्री का दूसरा दौरा 30 अक्टूबर को प्रस्तावित है। इस दिन वे मुजफ्फरपुर और छपरा में जनसभाएं करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में होने वाली उनकी सभा के लिए तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं।

पटना में 2 नवंबर को भव्य रोड शो

बिहार चुनाव के पहले चरण के मतदान (6 नवंबर) से ठीक पहले, 2 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी पटना में एक भव्य रोड शो करेंगे। यह रोड शो बिहार की राजनीति में एक बड़ा शो-ऑफ माना जा रहा है, जिसे एनडीए की एकता और जनता से सीधा जुड़ाव दिखाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। बीजेपी ने इसके लिए पूरा रूट प्लान तैयार कर लिया है। 

इस रोड शो के माध्यम से मोदी पटना की सभी 14 विधानसभा सीटों बांकीपुर, पटना साहिब, दीघा, कुम्हरार, मनेर, बिक्रम, बाढ़, बख्तियारपुर, मोकामा, फतुहां, फुलवारी, मसौढ़ी, दानापुर और पालीगंज के मतदाताओं से जुड़ेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री खुले ट्रक पर सवार होकर लोगों का अभिवादन करेंगे और जनता से “विकास और स्थिरता” के नाम पर एनडीए को समर्थन देने की अपील करेंगे।

धर्मेंद्र प्रधान ने लिया तैयारियों का जायजा

बीजेपी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को पटना में शीर्ष नेताओं के साथ रोड शो की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय बैठक की ताकि सुरक्षा, ट्रैफिक, और भीड़ नियंत्रण को लेकर कोई चूक न हो। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो ऐतिहासिक होगा और यह बिहार की जनता के साथ उनकी सीधी संवाद की मिसाल बनेगा। उन्होंने बताया कि उसी दिन यानी 2 नवंबर को पीएम मोदी नवादा और आरा में दो बड़ी रैलियों को भी संबोधित करेंगे।

बीजेपी का दावा है कि 2025 के चुनाव में एनडीए दो दशकों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए बिहार में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगा। पार्टी नेताओं के अनुसार, जनता अब “डबल इंजन सरकार” के विकास मॉडल पर भरोसा कर रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, और कई वरिष्ठ नेता आने वाले हफ्तों में बिहार के विभिन्न जिलों में 60 से अधिक जनसभाएं और रोड शो करने वाले हैं।

Leave a comment