रोहित शर्मा और विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर वर्ष का अंत दमदार तरीके से किया, लेकिन 2027 World Cup में उनकी जगह को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है। नया साल दोनों के लिए नए फैसले और चुनौतियाँ लाएगा।
Rohit-Virat: दिसंबर की बढ़ती सर्दी के साथ नया साल करीब है और इसी के साथ भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए भी नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ निर्णायक वनडे में दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाकर इस साल का समापन शानदार तरीके से किया। तीन मैचों की इस सीरीज में विराट कोहली ने 302 रन बनाए और Player of the Series बने, जबकि रोहित शर्मा ने 146 रन बनाकर टीम की जीत में योगदान दिया। दोनों का बल्लेबाजी प्रदर्शन दर्शाता है कि आलोचनाओं और उतार-चढ़ाव के बावजूद उन्होंने अपनी फोकस और क्लास को बरकरार रखा।
पूरे साल आलोचना के बावजूद फॉर्म बरकरार रही
रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए यह साल भावनात्मक और पेशेवर दोनों ही दृष्टिकोण से चुनौतीपूर्ण रहा। कई बार उनकी आलोचना हुई, खासकर उम्र, फिटनेस और टीम में उनकी भूमिका को लेकर। लेकिन उन्होंने इन सब बातों को अपनी बल्लेबाजी पर हावी नहीं होने दिया।
दोनों ने बल्ले से जवाब दिया और दिखा दिया कि उनका अनुभव और स्टाइल भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ है। इतना ही नहीं, 2027 World Cup को ध्यान में रखते हुए रोहित शर्मा ने तो वजन कम करके फिटनेस पर भी गंभीरता दिखाई, जिससे यह साबित हुआ कि वह अभी भी बड़े टूर्नामेंट्स को लेकर उतने ही जुनूनी हैं।
2027 World Cup की कोई आधिकारिक गारंटी नहीं
![]()
हालांकि रन बनाने के बावजूद रोहित और विराट को यह भरोसा नहीं मिल पाया है कि वे 2027 World Cup का हिस्सा होंगे। 2025 में दोनों को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेना पड़ा। उनकी सोशल मीडिया पोस्ट में workload की दलील दी गई, लेकिन फैंस के बीच यह चर्चा भी खूब हुई कि शायद उन पर अप्रत्यक्ष दबाव था। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले ही दोनों ने इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया और इसके बाद शुभमन गिल को रेड बॉल कप्तानी सौंप दी गई।
वनडे कप्तानी भी गिल को मिलने से नाराजगी की चर्चा
रोहित शर्मा 2027 World Cup में अपनी कप्तानी में ट्रॉफी जीतने के सपने को लेकर आगे बढ़ रहे थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले वनडे कप्तानी उनसे लेकर शुभमन गिल को सौंप दी गई। यह फैसला कई क्रिकेट विशेषज्ञों और फैंस के लिए चौंकाने वाला रहा, क्योंकि इसी साल रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में भारत को Champions Trophy जिताई थी और 2023 World Cup में भी टीम फाइनल तक पहुंची थी।
ड्रेसिंग रूम में भी खटास की खबरें
क्रिकेट के अंदरूनी माहौल को लेकर भी लगातार बातें सामने आती रहीं। साल भर रोहित शर्मा और कोच गौतम गंभीर के बीच औपचारिक बातचीत ही दिखी, जबकि विराट कोहली और गंभीर के बीच संबंधों को लेकर और भी ज्यादा असहजता की चर्चा रही। गंभीर ने युवा खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा जताया है और कई बार यह माना जा रहा है कि यह फैसला सीनियर खिलाड़ियों की जगह नए चेहरों को मौका देने की नीति के तहत लिया गया है। दक्षिण अफ्रीका सीरीज जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने साफ कहा कि World Cup अभी दो साल दूर है और ऐसे में नए खिलाड़ियों को तैयार करना जरूरी है।
2026 में नया सफर न्यूजीलैंड सीरीज से होगा शुरू
रोहित शर्मा और विराट कोहली अब अगले वर्ष जनवरी में ही मैदान पर दिखाई देंगे। न्यूजीलैंड टीम भारत का दौरा करेगी और दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेले जाएंगे। वनडे सीरीज 11 जनवरी से शुरू होगी। दोनों सितारे सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेलते हैं, इसलिए उनका पूरा फोकस अब इसी सीरीज पर होगा, जो World Cup 2027 की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है। यह सीरीज बताएगी कि मैनेजमेंट उन्हें किस तरह देख रहा है और आगे टीम में उनकी भूमिका कितनी मजबूत रहेगी।








