बिहार में नई एनडीए सरकार ने पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंत्रियों के साथ जनता से भरोसा जताया और विकास, सुशासन व पारदर्शिता पर जोर दिया।
Bihar Cabinet: बिहार में नई एनडीए सरकार के मंत्रियों ने आज पटना के गांधी मैदान में पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सम्राट चौधरी का बयान
शपथ लेने के बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह जीत बिहार की जनता, लोकतंत्र और एनडीए के सभी सहयोगियों की कड़ी मेहनत की वजह से संभव हुई। उन्होंने विशेष रूप से बिहार की महिलाओं को धन्यवाद दिया जिन्होंने बड़ी संख्या में मतदान किया। सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा जताया और उन्होंने इसे कामयाबी में बदलने के लिए कार्यकर्ताओं ने जो मेहनत की, वह उल्लेखनीय है।
“मैं एक सिपाही हूं और ऐसे ही काम करूंगा”
सम्राट चौधरी ने अपनी बात में कहा कि मैं एक सिपाही हूं और इसी तरह मेहनत करता रहूंगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 100 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन कार्यकर्ताओं की रिपोर्ट और मेहनत के चलते 102 सीटें जीतने में सफलता मिली।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री की मौजूदगी
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
नए मंत्रियों की सूची
बिहार की नई कैबिनेट में शपथ लेने वाले मंत्रियों में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पाण्डे, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन, सुनील कुमार, मो. जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेन्द्र कुमार रौशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश शामिल हैं।
बिहार की जनता के लिए नई उम्मीदें
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनता से भरोसा जताया कि नई सरकार विकास, सुशासन और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन पर जोर देगी। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों का समाधान प्राथमिकता होगी और सभी योजनाएं पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ लागू की जाएंगी।











