आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के स्टार बल्लेबाज नितीश राणा ने एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने किसके कहने पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम जॉइन की और यह फैसला उनके लिए कितना अहम था।
स्पोर्ट्स न्यूज़: IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है। इस टूर्नामेंट के आगाज से पहले नितीश राणा ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि आईपीएल 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी ज्वाइन करने का फैसला किसके कहने पर लिया था। राणा ने इस वीडियो में साफ किया कि उनके इस फैसले के पीछे कोई और नहीं बल्कि भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का नाम है। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से साझा किए गए वीडियो में यह खुलासा किया गया, जो सोशल मीडिया और फैंस के बीच तेजी से वायरल हो रहा है।
नितीश राणा का बड़ा खुलासा
दिल्ली कैपिटल्स की आधिकारिक सोशल मीडिया टीम ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें नितीश राणा ने कहा:
'एक ही बंदा था जिससे मैंने पूछा कि मुझे दिल्ली कैपिटल्स जॉइन करना चाहिए या नहीं, और वह ऋषभ पंत ही था। क्योंकि वह इस टीम के लिए बहुत खेल चुका है, कप्तानी कर चुका है और टीम की हर अंदरूनी बात जानता है। मुझे लगा कि वही सही बंदा है जिससे मैं पूछ सकता हूँ कि मेरा फैसला सही है या नहीं।'
राणा ने आगे बताया कि ऋषभ पंत ने तीन सेकंड में अपना जवाब दे दिया। उसने तुरंत कहा हाँ। मेरे लिए इससे बेहतर और कुछ नहीं हो सकता था। उसके बाद मैंने इस फैसले पर कभी दोबारा बात नहीं की। उनका जवाब सुनते ही मैं टीम में शामिल होने का मन बना लिया।
नितीश राणा का आईपीएल करियर

नितीश राणा ने 2016 में मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में डेब्यू किया था। इसके बाद वह कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स की टीम का भी हिस्सा रहे। अब वह आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलेंगे। उनके आईपीएल करियर के आंकड़े काफी प्रभावशाली हैं:
- 118 मैच खेले
- 112 पारियों में 2853 रन बनाए
- औसत 27.97
- 20 अर्धशतक दर्ज
ये आंकड़े दर्शाते हैं कि नितीश राणा की बल्लेबाजी टीम के लिए कितनी अहम है।
ऋषभ पंत का राणा पर असर
नितीश राणा के मुताबिक, ऋषभ पंत का अनुभव और टीम के प्रति उनकी समझ ने इस फैसले में अहम भूमिका निभाई। ऋषभ ने सिर्फ तीन सेकंड में मुझे हां कहकर आश्वस्त किया। यह दिखाता है कि वह कितने आत्मविश्वासी और टीम के प्रति समर्पित हैं। उनका यह छोटा सा निर्णय मेरे लिए बड़ा बदलाव लेकर आया।
इस बयान के बाद फैंस ने दोनों खिलाड़ियों की केमिस्ट्री और टीम के अंदरूनी तालमेल की तारीफ की। दिल्ली कैपिटल्स इस सीजन अपने पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स से 1 अप्रैल को मुकाबला खेलेंगी। टीम के कप्तान अक्षर पटेल हैं और नितीश राणा उनकी कप्तानी में खेलते हुए नजर आएंगे।









