अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने नॉर्वे पीएम को पत्र लिखा, नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर नाराजगी जताई। खत में ग्रीनलैंड पर रणनीति, NATO में योगदान और यूरोपीय देशों पर टैरिफ नीति पर जोर दिया गया।
America: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टॉर को पत्र लिखा है। ट्रंप ने इस खत में अपनी नाराजगी व्यक्त की है कि उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिला। ट्रंप ने कहा कि अब उन्हें अमेरिकी हितों को प्राथमिकता देने की पूरी स्वतंत्रता मिल गई है और शांति के लिए जिम्मेदारी पूरी तरह उन पर नहीं है। उन्होंने पत्र में अपनी नीति और अमेरिका की रणनीति का भी स्पष्ट संदेश दिया।
ट्रंप के अनुसार, उन्हें यह अनुभव हो गया है कि अब वे किसी बाहरी दबाव में काम नहीं करेंगे और अमेरिकी हित ही उनकी प्राथमिकता रहेंगे। उन्होंने अपने पत्र में यह भी लिखा कि अब गठबंधन और अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को भी अमेरिका जैसी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
नोबेल शांति पुरस्कार ना मिलने पर निराशा
ट्रंप ने खत में बताया कि वे हाल ही में वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो द्वारा नोबेल शांति पुरस्कार प्राप्त करने के बाद निराश हैं। उन्होंने कहा कि नोबेल समिति की प्रक्रिया पूरी तरह तय है और इसे बदला नहीं जा सकता। इसके बाद उन्होंने अमेरिकी हितों को सर्वोच्च रखने का निर्णय लिया।

पत्र में ट्रंप ने यह भी बताया कि अब वे बिना किसी रोक-टोक के अमेरिका की सुरक्षा और भौगोलिक हितों पर ध्यान देंगे। उनका कहना था कि नोबेल पुरस्कार न मिलने से उन्हें राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर अमेरिकी हितों की रक्षा करने का अवसर मिला है।
ग्रीनलैंड पर अमेरिका की रणनीति
ट्रंप ने खत में ग्रीनलैंड पर डेनमार्क की संप्रभुता पर सवाल उठाया और तर्क दिया कि कोपेनहेगन रूस या चीन से इस क्षेत्र की रक्षा नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सुरक्षा हितों के लिए ग्रीनलैंड का नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है।
ट्रंप ने यह भी लिखा कि NATO की स्थापना के बाद से अमेरिका ने इस क्षेत्र में सबसे अधिक योगदान दिया है और अब अन्य गठबंधन देशों को भी समान जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने खत में जोर देकर कहा, "जब तक ग्रीनलैंड पर हमारा पूरा और कुल नियंत्रण नहीं होगा, दुनिया सुरक्षित नहीं है।"
इस खत के समय ट्रंप ने अमेरिका की टैरिफ नीति का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि नॉर्वे सहित आठ यूरोपीय देशों पर टैरिफ लागू किया गया है। इनमें डेनमार्क, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, फिनलैंड, नीदरलैंड और यूनाइटेड किंगडम शामिल हैं।
ट्रंप ने कहा कि 1 फरवरी से 10 प्रतिशत टैरिफ लागू होंगे, जो 1 जून से 25 प्रतिशत तक बढ़ाए जाएंगे। उनका कहना था कि यह शुल्क तब तक रहेंगे जब तक ग्रीनलैंड की 'पूरी और कुल खरीद' के लिए कोई समझौता नहीं हो जाता। उन्होंने चेताया कि यह कदम अमेरिकी हितों की रक्षा के लिए आवश्यक है।











