उज्जैन में कारोबारी नरेश धनवानी की कार में रविवार रात आग लगा दी गई। दो बदमाशों ने पेट्रोल डालकर वारदात को अंजाम दिया। CCTV फुटेज में घटना कैद हुई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जांच जारी है।
Madhya Pradesh: रविवार देर रात 2:30 से 3 बजे के बीच एलपी भार्गव नगर में नरेश धनवानी की कार (MP 13 P 1313) घर के बाहर खड़ी थी। दो बदमाश सफेद कपड़े लपेटे बाइक से आए और पहले कार का कांच तोड़ा। इसके बाद उन्होंने उसमें पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। आसपास के लोग और परिवार के सदस्य आग की लपटें देखकर डर गए। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
वॉरदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि दो बदमाश बाइक से आते हैं। एक बदमाश मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड कर रहा है, जबकि दूसरा कार में पेट्रोल डालकर आग लगाता है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।

पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर के पॉश इलाके में यह घटना सुरक्षा की दृष्टि से चिंता का विषय है। लोग अब अपने वाहनों और घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गए हैं।
पहले भी हुई थी तोड़फोड़
कारोबारी नरेश धनवानी ने बताया कि इससे पहले गुरुवार रात भी उनके घर के आंगन में खड़ी एमजी हेक्टर कार का कांच तोड़ दिया गया था। इस मामले में उन्होंने माधव नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी।
लेकिन पुलिस की तरफ से उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके कुछ ही दिनों बाद रविवार को दूसरी वारदात में उनकी दूसरी कार में आग लगा दी गई। दोनों घटनाओं के बीच पैटर्न समान होने की वजह से पुलिस इसे गंभीर मामला मान रही है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि CCTV फुटेज और पड़ोसियों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। साथ ही बाइक और आसपास के क्षेत्रों में सघन निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह का हाथ होने की संभावना है।
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कारोबारी के खिलाफ कोई पुरानी दुश्मनी या किसी प्रकार का ब्लैकमेल तो नहीं है। फिलहाल पुलिस आरोपियों को जल्द पकड़ने और मामले का पूरी तरह खुलासा करने के लिए काम कर रही है। स्थानीय प्रशासन ने भी कहा कि शहर के सुरक्षित क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।












