ऑपरेशन सिंदूर: लश्कर कमांडर का खुलासा, भारत ने किया सबसे बड़ा हमला

ऑपरेशन सिंदूर: लश्कर कमांडर का खुलासा, भारत ने किया सबसे बड़ा हमला

लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर हाफिज अब्दुल रऊफ ने ऑपरेशन सिंदूर को सबसे घातक हमला बताया। भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर आतंकी नेटवर्क को कमजोर किया।

Pakistan: पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के शीर्ष कमांडर हाफिज अब्दुल रऊफ ने भारत के ऑपरेशन सिंदूर को सबसे बड़ा हमला करार दिया है। रऊफ ने कहा कि यह हमला बहुत घातक था, लेकिन अल्लाह ने उन्हें बचा लिया। उन्होंने यह बयान मुरीदके स्थित मरकज़-ए-तैयबा में 29वें दीक्षांत समारोह के दौरान दिया। इस कुबूलनामे से साफ हो गया है कि भारतीय सेना के हमले ने पाकिस्तान में आतंकी नेटवर्क की नींव हिला दी थी और शहबाज सरकार इस हमले से बौखलाई हुई थी।

ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि

भारत ने ऑपरेशन सिंदूर 6-7 मई 2025 को अंजाम दिया था। यह कार्रवाई अप्रैल 2025 में पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। पहलगाम में आतंकियों ने 26 पर्यटकों की हत्या कर दी थी। भारत ने इस जवाबी ऑपरेशन में पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों को सटीक मिसाइल हमलों के माध्यम से निशाना बनाया। इसमें LeT का मुख्यालय मुरीदके में और जैश-ए-मोहम्मद का बहावलपुर स्थित ठिकाना शामिल था।

आतंकियों पर भारत का सटीक हमला

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार इन हमलों में LeT और JeM के कई शीर्ष आतंकी मारे गए। मुरीदके के प्रमुख मुदस्सर खडियान खास, जिन्हें अबू जंदाल के नाम से जाना जाता था, भी इस हमले में मारे गए। इस हमले ने पाकिस्तान में आतंकवादियों की सुरक्षा के दावे को कमजोर कर दिया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की सुरक्षा रणनीति की प्रभावशीलता को उजागर किया।

हाफिज अब्दुल रऊफ का बयान

लश्कर के कमांडर हाफिज अब्दुल रऊफ अमेरिका द्वारा वैश्विक आतंकी घोषित हैं और वह LeT प्रमुख हाफिज सईद के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। रऊफ ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मारे गए आतंकियों के जनाजे की अगुवाई की थी। उन्होंने अपने भाषण में कहा, "6-7 मई को मुरीदके में जो हुआ वह बहुत घातक था। मस्जिद को निशाना बनाकर ध्वस्त किया गया। यह बड़ा हमला था, लेकिन अल्लाह ने हमें बचा लिया। बच्चे वहां नहीं थे, उनके शुभचिंतकों ने उन्हें हटाया।"

पाकिस्तान में बौखलाहट

भारत के इस ऑपरेशन ने पाकिस्तान में खलबली मचा दी। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत में ड्रोन और मिसाइल हमले करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने उन सभी हमलों को पूरी तरह नाकाम कर दिया। इस दौरान तुर्की के ड्रोन और चीनी मिसाइलों तथा फाइटर जेट्स की क्षमताओं की भारी बेइज्जती हुई।

भारत का पलटवार

भारत ने इसके बाद पाकिस्तान के 11 आर्मी बेस को ब्रह्मोस मिसाइल से निशाना बनाकर उड़ा दिया। इस भीषण हमले के बाद पाकिस्तान में अफरा-तफरी मच गई। भारतीय सेना के इस निर्णायक कदम के बाद पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भारत से सीजफायर की गुहार लगाने को मजबूर हुए। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन स्थगित किया।

Leave a comment