बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान लगातार सुर्खियों में बनी रहती हैं। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में अपनी पर्सनल लाइफ और प्रोफेशनल फैसलों को लेकर खुलकर बात की।
Suhana Khan: बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान और उनके परिवार की लाइफ हमेशा से ही फैंस और मीडिया के लिए आकर्षण का केंद्र रही है। अब उनकी बेटी सुहाना खान भी अपने करियर और पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में सुहाना ने एक इंटरव्यू में खुलकर बताया कि जब भी उन्हें बड़े फैसले लेने होते हैं, तो वे सबसे पहले अपने माता-पिता शाहरुख और गौरी खान से सलाह लेती हैं।
मम्मी-पापा से मिलती है सबसे बड़ी गाइडेंस
सुहाना ने कहा कि वे अपने करियर में नए-नए प्रयोग करना चाहती हैं और अलग-अलग विकल्प आजमाना पसंद करती हैं। लेकिन जब बात बड़े और महत्वपूर्ण फैसलों की आती है, तो अंतिम निर्णय उनके माता-पिता का ही होता है। उन्होंने बताया, मुझे अपने मम्मी-पापा से पूछना होता है। आखिरी फैसला उन्हीं का होता है।
सुहाना ने आगे बताया कि उनके माता-पिता उनके सबसे करीबी सलाहकार हैं। जब भी वे उलझन में होती हैं या कोई बड़ा फैसला लेने में असमंजस महसूस करती हैं, तो सबसे पहले उन्हीं की राय लेती हैं। सुहाना ने बताया कि शाहरुख खान अपनी जिंदगी के अनुभवों और शायरी भरे अंदाज में उन्हें मार्गदर्शन देते हैं, जबकि गौरी खान सीधे और साफ शब्दों में सलाह देती हैं। सुहाना ने कहा कि दोनों के बीच संतुलन बनाना उनके लिए बेहद जरूरी है।

फैसलों में संतुलन और मानसिक शांति
इंटरव्यू में सुहाना ने यह भी साझा किया कि जब दबाव ज्यादा बढ़ जाता है, तो वे खुद को शांत रखने के लिए एक वक्त में सिर्फ एक पल, एक काम और एक दिन पर ध्यान केंद्रित करती हैं। उनका कहना है कि ऐसा करने से मानसिक शांति बनी रहती है और फैसले लेने में मदद मिलती है। सुहाना ने कहा, पहले मैं अपने मन की सुनती हूं, फिर तर्क आता है, और उसके बाद थोड़ा ओवरथिंकिंग भी होती है। ऐसे समय में मैं अपने माता-पिता के पास जाती हूं।
सुहाना खान ने 2023 में जोया अख्तर की फिल्म ‘द आर्चीज’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। यह एक टीन म्यूजिकल फिल्म थी, जिसमें उनके साथ अगस्त्य नंदा, खुशी कपूर, वेदांग रैना, मिहिर आहूजा, अदिति ‘डॉट’ सैगल और युवराज मेंडा भी नजर आए थे। ‘द आर्चीज’ फिल्म का आधार मशहूर आर्ची कॉमिक्स का इंडियन एडाप्टेशन था। कहानी साल 1964 में इंडिया के एक काल्पनिक हिल स्टेशन रिवरडेल में बसे एंग्लो-इंडियन समुदाय के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी।
अब सुहाना जल्द ही अपने पिता शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म से उनके करियर में एक नया मोड़ आने की उम्मीद है।











