ऑस्ट्रेलिया ने छात्र वीजा नियम सख्त करते हुए भारत को उच्च जोखिम श्रेणी AL3 में रखा है। फर्जी दस्तावेज़ और वीजा धोखाधड़ी के मामलों के बाद यह फैसला लिया गया है, जिससे भारतीय छात्रों के लिए वीजा प्रक्रिया लंबी, सख्त और ज्यादा जांच वाली हो गई है।
Australia Student Visa Rules: ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने हाल के वर्षों में सामने आए फर्जी डिग्री, नकली कॉलेज और वीजा धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए भारत को असेसमेंट लेवल-3 (AL3) में शामिल किया है। यह बदलाव ऑस्ट्रेलिया में लागू नई वीजा नीति के तहत किया गया है, जो 2026 से प्रभावी है। इस फैसले का असर भारतीय छात्रों पर पड़ेगा, क्योंकि अब उनके वीजा आवेदनों की जांच ज्यादा गहराई से होगी। यह कदम ऑस्ट्रेलिया ने वीजा सिस्टम की पारदर्शिता बढ़ाने और गलत आवेदनों को रोकने के उद्देश्य से उठाया है।
भारत को AL3 में क्यों डाला गया?
ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने यह कदम हाल के वर्षों में सामने आए फर्जी डिग्री, नकली कॉलेज और वीजा धोखाधड़ी के मामलों के बाद उठाया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, भारत समेत कुछ देशों से बड़ी संख्या में ऐसे आवेदन सामने आए जिनमें दस्तावेज़ों की विश्वसनीयता पर सवाल उठे।
इन्हीं मामलों को आधार बनाकर भारत को AL2 से सीधे AL3 श्रेणी में शिफ्ट किया गया है। इसका मतलब है कि अब हर भारतीय छात्र के वीजा आवेदन की गहन जांच होगी और किसी भी स्तर पर गड़बड़ी मिलने पर आवेदन खारिज किया जा सकता है।

भारतीय छात्रों के लिए क्या बदलेगा?
AL3 में शामिल होने के बाद भारतीय छात्रों को पहले से ज्यादा दस्तावेज़ देने होंगे। सिर्फ बैंक स्टेटमेंट काफी नहीं होगा, बल्कि यह भी बताना होगा कि फंड कहां से आया है और पूरे कोर्स का खर्च उठाने की क्षमता कैसे है। शैक्षणिक दस्तावेज़ों का सत्यापन भी सीधे संबंधित संस्थानों से कराया जाएगा।
इस सख्ती का असर यह हो सकता है कि ईमानदार छात्रों को भी वीजा प्रोसेसिंग में ज्यादा समय और इंतजार झेलना पड़े। साथ ही, वीजा रिजेक्शन का जोखिम भी पहले के मुकाबले बढ़ सकता है।
किन देशों पर लागू हुए सख्त नियम?
भारत के अलावा नेपाल, बांग्लादेश और भूटान को भी हाई रिस्क यानी AL3 श्रेणी में रखा गया है। इससे साफ है कि दक्षिण एशियाई देशों से आने वाले छात्रों के लिए ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करना अब पहले जितना आसान नहीं रहेगा।
हालांकि भारत ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय छात्र स्रोत देशों में शामिल है। हर साल करीब 1.4 लाख भारतीय छात्र ऑस्ट्रेलिया जाते हैं, जो वहां के शिक्षा सेक्टर की आय का बड़ा हिस्सा हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर सख्ती लंबे समय तक बनी रही, तो इसका असर ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटीज़ पर भी पड़ सकता है।












