आगरा में पुरानी रंजिश और पैसों-गहनों के विवाद में भाई ने बहन को सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी हरि सिंह दोस्तों के साथ फरार हैं। पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
Uttar pradesh: आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर में बुधवार रात एक भयावह घटना घटी। आरोप है कि हरि सिंह ने अपनी बहन अनीता साहू को गोली मारकर हत्या कर दी। विवाद की जड़ चार साल पहले जेल में बंद रहने के दौरान रखे गए पैसे और गहनों से जुड़ी है। हरी सिंह मारपीट के मामले में जेल गया था। जेल से बाहर आने से पहले उसने कुछ रुपए और गहने अपनी बहन अनीता के पास रखे थे।
जेल से रिहा होने पर हरि सिंह ने लगातार ये रुपए और गहने मांगे। अनीता ने बताया कि जमानत के खर्च और अन्य जरूरतों के कारण वह रुपए वापस नहीं दे सकी और गहने भी बेचने पड़े। यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और अक्सर दोनों के बीच तीखी बहस होती थी। अनीता ने कई बार भाई के गुस्से को देखा और उसके आक्रामक रवैये से परेशान थी।
लाइट के बहाने दरवाजा खुलवाया
घटना वाली रात हरि सिंह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर अनीता के घर पहुंचा। उन्होंने दरवाजा खोलने के लिए “लाइट खराब है” का बहाना बनाया। अनीता का भतीजा देव दरवाजा खोलने गया, तभी आरोपी और उसके साथियों ने घर में घुसकर हमला किया।
![]()
मौके पर ही हरि सिंह ने अपनी बहन अनीता को सिर में गोली मार दी। गोली सीधे सिर में लगी और अनीता की मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले के बाद हरि अपने दो दोस्तों के साथ मौके से फरार हो गया। अनीता के पति श्याम ने बताया कि हमले के दौरान उन्होंने और उनके ऊपर भी तमंचा तान दिया गया। हमला पैसे और गहनों को लेकर पुरानी रंजिश का परिणाम था।
पुलिस की कार्रवाई
अनीता की बहन राजश्री ने कहा कि उनका भाई अपराधी प्रवृत्ति वाला है और इसी वजह से उन्होंने उससे अपने रिश्ते को समाप्त कर दिया था। छोटी बहन मंजू ने बताया कि हरी सिंह का स्वभाव हिंसक है और इस घटना से पहले भी उसने परिवार के सदस्यों और मां पर हमला किया था।
डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि भाई और बहन के बीच लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था, और इसी विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी बहन को गोली मार दी। पुलिस हरी सिंह और उसके साथियों की तलाश कर रही है। परिवार का कहना है कि जिसने उनकी बहन को मारा, वह उनके परिवार का दुश्मन है। हरी सिंह कई सालों से परिवार के लिए खतरा बना हुआ था।











