Pakistan T20 Captain: साहिबजादा फरहान बने पाकिस्तान के नए टी20 कप्तान, सलमान अली आगा टीम से बाहर

Pakistan T20 Captain: PCB ने साहिबजादा फरहान को पाकिस्तान का नया T20I कप्तान बनाया है। सलमान अली आगा को कप्तानी से हटाने के साथ श्रीलंका सीरीज के T20 स्क्वाड

एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान को सिल्वर मेडल दिलाने वाले साहिबजादा फरहान को अब टी20 टीम का स्थायी कप्तान बनाया गया है। फरहान इससे पहले एशिया कप 2025 के दौरान भी सुर्खियों में रहे थे।

स्पोर्ट्स न्यूज़: पाकिस्तान क्रिकेट में टी20 फॉर्मेट को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साहिबजादा फरहान को टी20 इंटरनेशनल टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। फरहान ने सलमान अली आगा की जगह ली है। एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान को सिल्वर मेडल दिलाने वाले फरहान के नेतृत्व में अब टीम श्रीलंका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज में मैदान पर उतरेगी।

फरहान को कप्तानी मिलने के बाद सलमान अली आगा की टी20 टीम से भी छुट्टी हो गई है। PCB ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए जिस टीम का ऐलान किया है, उसमें आगा का नाम शामिल नहीं है। बोर्ड का यह फैसला पाकिस्तान के टी20 सेटअप में बदलाव और युवा खिलाड़ियों को अधिक जिम्मेदारी देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

एशियन गेम्स में फरहान ने संभाली थी कमान

एशियन गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपेक्षाकृत युवा टीम को भेजा था। साहिबजादा फरहान ने इस टीम की कप्तानी की और पाकिस्तान को फाइनल तक पहुंचाया। हालांकि, खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान को भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा और टीम को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

फाइनल में हार के बावजूद पाकिस्तान के युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सकारात्मक माना गया। फरहान की कप्तानी ने भी PCB का ध्यान खींचा। इसके बाद बोर्ड ने उन्हें टी20 इंटरनेशनल टीम की स्थायी कप्तानी सौंपने का फैसला किया है।

भारत के खिलाफ सेलिब्रेशन से चर्चा में आए थे फरहान

साहिबजादा फरहान इससे पहले एशिया कप 2025 के दौरान भी सुर्खियों में रहे थे। भारत के खिलाफ मुकाबले में जसप्रीत बुमराह के खिलाफ लगाए गए छक्कों के बाद उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह अपने प्रदर्शन का जश्न मनाते नजर आए थे। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी काफी चर्चा हुई थी।

इसके अलावा अर्धशतक पूरा करने के बाद फरहान के गन सेलिब्रेशन ने भी खूब ध्यान खींचा था। उनके इस अंदाज की आलोचना भी हुई थी और पाकिस्तान-भारत मुकाबलों के दौरान उनका नाम काफी चर्चा में रहा।

सलमान अली आगा की कप्तानी का दौर खत्म

सलमान अली आगा ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तान की कप्तानी की थी। टूर्नामेंट में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था, जिसमें फाइनल भी शामिल था। इसके बाद टीम के प्रदर्शन को लेकर कप्तानी पर सवाल उठने लगे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी पाकिस्तान की टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी और जल्दी टूर्नामेंट से बाहर हो गई। अब PCB ने टी20 टीम में बदलाव करते हुए फरहान को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी है।

आगा को केवल कप्तानी से हटाया नहीं गया है, बल्कि उन्हें टी20 स्क्वाड से भी बाहर रखा गया है। PCB का यह फैसला टीम के टी20 क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी और युवा खिलाड़ियों को प्राथमिकता देने की रणनीति का संकेत माना जा रहा है।

पाकिस्तान का टी20 स्क्वाड

साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अराफात मिन्हास, फखर जमान, हसन नवाज, ख्वाजा नफे (विकेटकीपर), माज सदाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, मुहम्मद इमरान रंधावा, नसीम शाह, रजाउल्लाह, सैम अयूब, शादाब खान, सूफियान मुकीम।

Leave a comment