Passport Seva 2.0: भारत में शुरू हुआ e-Passport, जानें फायदे और आवेदन प्रक्रिया

भारत सरकार ने e-Passport की शुरुआत की जिसमें चिप लगी होती है। इससे इमीग्रेशन तेज़ होगा, डेटा सुरक्षित रहेगा और पासपोर्ट फर्जीवाड़े से बचा रहेगा।

भारत में शुरू हुए e-Passport में चिप लगी होती है जो आपकी जानकारी सुरक्षित रखती है, जिससे इमीग्रेशन तेज़ और पासपोर्ट अधिक सुरक्षित बनता है।

e-Passport: भारत सरकार ने Passport Seva 2.0 के तहत देशभर में e-Passport की शुरुआत कर दी है। इस नए डिजिटल पासपोर्ट के जरिए अब आपका सफर न सिर्फ ज्यादा सुरक्षित होगा, बल्कि एयरपोर्ट पर प्रक्रिया भी कहीं ज्यादा तेज हो जाएगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 13वें पासपोर्ट सेवा दिवस के मौके पर इसकी घोषणा करते हुए इसे भारत की डिजिटल प्रगति का एक अहम कदम बताया है।

क्या है e-Passport?

e-Passport एक इलेक्ट्रॉनिक पासपोर्ट है, जिसमें एक छोटी सी इंटीग्रेटेड चिप लगी होती है। यह चिप आपके बायोमेट्रिक डेटा, पर्सनल इंफॉर्मेशन (नाम, जन्म तिथि, पासपोर्ट नंबर आदि) और डिजिटल सिग्नेचर को सुरक्षित रखती है। ये पासपोर्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ICAO (International Civil Aviation Organization) के मानकों पर आधारित हैं।

जब आप किसी एयरपोर्ट पर पहुंचते हैं, तो e-Passport की मदद से इमीग्रेशन स्कैनिंग तेज हो जाती है क्योंकि मशीनें चिप से जानकारी पढ़ लेती हैं, जिससे लाइन में लगने या डॉक्युमेंट चेक की प्रक्रिया में समय नहीं लगता।

क्यों जरूरी है e-Passport?

  • सुरक्षा में इजाफा: डुप्लिकेट पासपोर्ट या फर्जी पहचान के मामलों में भारी कमी आएगी।
  • एयरपोर्ट पर तेज प्रोसेसिंग: इमीग्रेशन लाइन में लगने का समय घटेगा।
  • डिजिटल इंडिया को बढ़ावा: सरकारी सेवाओं को पेपरलेस और तेज़ बनाना इसका मकसद है।
  • डेटा प्रोटेक्शन: पासपोर्ट धारक की जानकारी एन्क्रिप्टेड रूप में सुरक्षित होती है।

किन शहरों में शुरू हुई सुविधा?

Passport Seva 2.0: भारत में शुरू हुआ e-Passport, जानें फायदे और आवेदन प्रक्रिया

फिलहाल e-Passport की सुविधा भारत के कुछ प्रमुख शहरों में शुरू की गई है:

  • नागपुर
  • भुवनेश्वर
  • जम्मू
  • पणजी
  • शिमला
  • रायपुर
  • अमृतसर
  • जयपुर
  • चेन्नई
  • हैदराबाद
  • सूरत
  • रांची

जल्द ही यह सेवा देश के हर राज्य और जिले में उपलब्ध कराई जाएगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

हर भारतीय नागरिक जो पासपोर्ट बनवाने के लिए पात्र है, वह e-Passport के लिए आवेदन कर सकता है। चाहे आप पहली बार पासपोर्ट बनवा रहे हों या पुराने को रिन्यू करवा रहे हों – दोनों ही स्थितियों में आप e-Passport के लिए अप्लाई कर सकते हैं।

किन डॉक्युमेंट्स की होगी जरूरत?

Passport Seva 2.0: भारत में शुरू हुआ e-Passport, जानें फायदे और आवेदन प्रक्रिया

पहचान और पते के प्रमाण के लिए:

  1. आधार कार्ड
  2. पैन कार्ड
  3. बैंक पासबुक
  4. बिजली/पानी/गैस बिल
  5. जन्म की तारीख के प्रमाण के लिए:
  6. जन्म प्रमाणपत्र
  7. वोटर आईडी
  8. ड्राइविंग लाइसेंस
  9. 10वीं कक्षा की मार्कशीट

कैसे करें आवेदन?

Passport Seva 2.0: भारत में शुरू हुआ e-Passport, जानें फायदे और आवेदन प्रक्रिया

1. Passport Seva Portal पर रजिस्ट्रेशन करें

www.passportindia.gov.in पर जाएं और एक अकाउंट बनाएं।

2. फॉर्म भरें

पोर्टल में लॉगइन कर के 'Apply for Fresh Passport' या 'Re-issue of Passport' विकल्प चुनें।

3. सभी जरूरी जानकारी भरें

नाम, पता, जन्मतिथि, डॉक्युमेंट्स आदि की सही जानकारी दें और फॉर्म सबमिट करें।

4. ऑनलाइन पेमेंट और अपॉइंटमेंट बुकिंग करें

फीस ऑनलाइन भुगतान करके नजदीकी पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK), पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) या मोबाइल वैन सेवा के लिए समय स्लॉट बुक करें।

5. बायोमेट्रिक एनरोलमेंट

अपॉइंटमेंट के दिन सभी ओरिजिनल डॉक्युमेंट्स के साथ पासपोर्ट कार्यालय जाएं और फिजिकल वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करें।

6. पुलिस वेरिफिकेशन

अब नए mPassport Police App के ज़रिए पुलिस वेरिफिकेशन मात्र 5 से 7 दिन में पूरा किया जा रहा है।

मोबाइल वेरिफिकेशन वैन: एक नई सुविधा

यदि आपके क्षेत्र में यह सुविधा उपलब्ध है, तो आप पासपोर्ट ऑफिस जाने की बजाय मोबाइल वेरिफिकेशन वैन को अपने घर बुला सकते हैं। वैन आपके पते पर आकर बायोमेट्रिक और डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन कर लेगी।

क्या बदल जाएगा आपके लिए?

  • e-Passport मिलने के बाद आपके पुराने पासपोर्ट की जगह स्मार्ट चिप वाला पासपोर्ट लेगा।
  • इमीग्रेशन प्रक्रिया में तेजी आएगी।
  • जालसाजी और डुप्लिकेट पहचान की संभावना खत्म हो जाएगी।
  • विदेशों में भारत की तकनीकी विश्वसनीयता बढ़ेगी।

Leave a comment