पटना में BPSC TRE-4 को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, लाठीचार्ज और पथराव के बाद कई घायल

पटना में BPSC TRE-4 की मांगों को लेकर छात्रों के प्रदर्शन में पथराव और लाठीचार्ज हुआ। वाटर कैनन के इस्तेमाल के बीच DSP समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए।

पटना में 25 अगस्त को BPSC TRE-4 की परीक्षा में बदलाव, नेगेटिव मार्किंग हटाने और 100% डोमिसाइल की मांग को लेकर छात्रों ने CM हाउस घेराव की कोशिश की। पुलिस ने वाटर कैनन और बल प्रयोग किया।

 पटना: BPSC TRE-4 की मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच मंगलवार को डाकबंगला चौराहे पर टकराव हुआ। छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शन के दौरान पथराव में टाउन DSP समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है, जबकि एक छात्र के सिर में चोट लगी।

CM हाउस घेराव के लिए निकले छात्र

BPSC TRE-4 की परीक्षा को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का मार्च मंगलवार को गांधी मैदान से शुरू हुआ। छात्र CM हाउस का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। प्रशासन ने जेपी गोलंबर और डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग के साथ बड़ी संख्या में पुलिस और CRPF जवानों की तैनाती की थी।

जेपी गोलंबर पर छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाकबंगला की ओर बढ़ गए। यहां पुलिस ने लोहे की शील्ड लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

डाकबंगला पहुंचने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बाद में लाठीचार्ज किया। कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर बसों में बैठाया।

पथराव में DSP समेत पुलिसकर्मी घायल

प्रदर्शन के दौरान छात्रों की ओर से पथराव किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसमें पटना टाउन के DSP कामाख्या नारायण सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों को चोट लगी।

वहीं, बल प्रयोग के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगी, जिसे साथी अस्पताल लेकर गए। एक छात्रा के बेहोश होने की भी जानकारी दी गई। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र वाटर कैनन की बौछार के बीच शैंपू लगाकर नहाते हुए भी दिखाई दिए।

स्थिति को देखते हुए डाकबंगला पर MPV यानी माइन प्रोटेक्टर व्हीकल भी तैनात किया गया। इस तरह के वाहनों का इस्तेमाल आम तौर पर नक्सल प्रभावित इलाकों में किया जाता है।

छात्रों की मांगें और सरकार का रुख

प्रदर्शनकारी TRE-4 में PT और Mains की व्यवस्था, नेगेटिव मार्किंग हटाने और 100% डोमिसाइल समेत कई मांगें उठा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि TRE-1, TRE-2 और TRE-3 की तरह TRE-4 में भी सिंगल एग्जाम होना चाहिए।

छात्रों का दावा है कि वे कई दिनों से गर्दनीबाग में धरने पर बैठे हैं और सरकार से अपनी मांगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि छात्रों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समाधान किया जा चुका है।

प्रदर्शन के कारण पटना के कई प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ। SSP कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि छात्रों को समझाकर डाकबंगला चौराहे से हटाया गया और संबंधित अधिकारियों तक उनकी बातें पहुंचाने का आश्वासन दिया गया।

इस बीच, BPSC एग्जाम कंट्रोलर राजेश कुमार सिंह के छात्रों के प्रदर्शन पर दिए विवादित बयान को लेकर भी विवाद हुआ। बाद में उन्होंने वीडियो जारी कर माफी मांगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a comment