Android ने फोन-बेस्ड फ्रॉड रोकने के लिए नया इन-काल प्रोटेक्शन फीचर शुरू किया है। अब अनजान कॉल के दौरान बैंकिंग या पेमेंट ऐप खोलते ही यूजर को तुरंत चेतावनी मिलेगी। यह फीचर Google Pay और Paytm जैसे ऐप्स के साथ भारत में धीरे-धीरे रोलआउट हो रहा है।
Android In-Call Protection: गूगल ने फोन पर होने वाले स्कैम को रोकने के लिए यह नया सिक्योरिटी फीचर लॉन्च किया है, जो अनजान कॉल के दौरान बैंकिंग या पेमेंट ऐप खोलते ही एक्टिव हो जाता है। यह फीचर फिलहाल भारत समेत कई देशों में रोलआउट किया जा रहा है और Google Pay, Paytm जैसे बड़े ऐप्स इसके साथ जोड़े गए हैं। गूगल ने इसे इसलिए तैयार किया है ताकि कॉल के दबाव में आकर पैसा ट्रांसफर करने जैसी घटनाओं को समय रहते रोका जा सके और यूजर्स को फ्रॉड से सुरक्षित रखा जा सके।
इन-काल प्रोटेक्शन कैसे करता है काम
यह फीचर तब एक्टिव होता है जब फोन एक साथ दो चीजें डिटेक्ट करता है। पहली, यूजर किसी अनजान नंबर पर कॉल पर है और दूसरी, उसी दौरान कोई फाइनेंशियल ऐप खोली जा रही है। ऐसे में स्क्रीन पर बड़ा सा वॉर्निंग मैसेज दिखता है, जिसमें साफ लिखा होता है कि यूजर जोखिम में हो सकता है।
इस अलर्ट के साथ एक टैप में कॉल काटने और स्क्रीन शेयरिंग बंद करने का विकल्प भी मिलता है। अगर यूजर फिर भी आगे बढ़ना चाहे, तो ऐप अपने आप 30 सेकंड की देरी जोड़ देता है। गूगल के मुताबिक यह पॉज इसलिए रखा गया है ताकि यूजर घबराहट या दबाव से बाहर आकर दोबारा सोच सके।
![]()
भारत में रोलआउट Google Pay और Paytm भी शामिल
गूगल ने साफ किया है कि भारत इस फीचर के सबसे बड़े टेस्टिंग ग्राउंड्स में से एक है। कंपनी Google Pay, Paytm और Navi जैसे प्रमुख ऐप्स के साथ मिलकर स्क्रीन शेयरिंग स्कैम और कॉल-आधारित फ्रॉड रोकने पर काम कर रही है।
यूके में इस सिस्टम के अच्छे नतीजे सामने आ चुके हैं, जहां हजारों यूजर्स को स्कैम से बचाया गया। अब ब्राज़ील और भारत में भी इसी तरह के सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। यह फीचर Android 11 और उससे ऊपर के सभी स्मार्टफोन्स में धीरे-धीरे उपलब्ध कराया जा रहा है।
क्यों जरूरी है यह नया Android सिक्योरिटी फीचर
आज के समय में ज्यादातर डिजिटल फ्रॉड किसी तकनीकी हैकिंग से नहीं, बल्कि भरोसा जीतकर की गई ठगी से होते हैं। स्कैमर्स यूजर को डराकर या जल्दीबाजी में पैसा ट्रांसफर करने के लिए मजबूर करते हैं। ऐसे में सही वक्त पर मिला एक अलर्ट बड़ी रकम को डूबने से बचा सकता है।
जो लोग रोज़ाना बैंकिंग ऐप और पेमेंट ऐप का इस्तेमाल करते हैं, खासकर चलते-फिरते या अनजान कॉल के दौरान, उनके लिए यह फीचर एक मजबूत सुरक्षा कवच बन सकता है।









