बिहार CM नीतीश कुमार का बड़ा फैसला: 3 नए विभागों का गठन, युवाओं को मिलेगा रोजगार और शिक्षा में बढ़ावा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 3 नए विभागों का गठन किया है। यह कदम युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और शिक्षा में सुधार लाने के उद्देश्य से उठाया गया है

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में युवाओं के भविष्य, रोजगार और कौशल विकास को ध्यान में रखते हुए तीन नए विभाग बनाने के निर्देश दिए हैं। ये विभाग हैं – युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और नागर विमानन विभाग।

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में तीन नए विभाग—युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और नागर विमानन विभाग—सृजित करने का निर्देश दिया है। इन नए विभागों के सृजन से राज्य में अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी और रोजगार दिलाने में मदद मिलेगी। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नीतीश कुमार ने इस संबंध में जानकारी दी। 

मुख्यमंत्री ने कहा, "हमने अगले 5 वर्षों (2025-30) में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए जरूरी है कि राज्य में युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाए और उन्हें गुणवत्तापूर्ण उच्च एवं तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही इस लक्ष्य की उपलब्धि के लिए सघन अनुश्रवण भी किया जाएगा।

तीन नए विभाग और उनका उद्देश्य

1. युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 5 वर्षों (2025-30) में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जरूरी है कि युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाए और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा मिले। प्रत्येक जिले में मेगा स्किल सेंटर की स्थापना की जाएगी, जहां तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार की दिशा में मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

2. उच्च शिक्षा विभाग

राज्य में उच्च शिक्षा में सुधार, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अलग से उच्च शिक्षा विभाग का गठन किया गया है। इसका उद्देश्य है कि सभी वर्गों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त हो और उन्हें रोजगारपरक कौशल मिले। इसके साथ ही विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक कोर्स और शोध के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

3. नागर विमानन विभाग

बिहार में कई नए हवाई अड्डों के निर्माण और भविष्य की उड़ान योजनाओं को गति देने के लिए अलग से नागर विमानन विभाग का गठन किया गया है। इससे राज्य में औद्योगिक वातावरण बेहतर होगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य में बने उत्पादों के निर्यात में भी मदद मिलेगी।

अतिरिक्त पहलें: बीएमपीसी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह भी जानकारी दी कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय और बिहार विपणन प्रोत्साहन निगम (Bihar Marketing Promotion Corporation – BMPC) का गठन किया जाएगा। BMPC के माध्यम से कृषि, पशुपालन, बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प, ग्रामीण उद्योग, लघु एवं कुटीर उद्योग जैसी गतिविधियों में उत्पादों की गुणवत्ता और वितरण को बेहतर बनाया जाएगा।

इससे युवाओं के लिए नौकरी और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। राज्य की औद्योगिक और विपणन संरचना मजबूत होगी, जिससे बिहार का विकास और निर्यात क्षमता बढ़ेगा। सीएम नीतीश कुमार ने कहा, हम राज्य के युवाओं के सुखद भविष्य के लिए लगातार काम कर रहे हैं। अधिक से अधिक सरकारी नौकरी और रोजगार देने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।

Leave a comment