विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नई दिल्ली में आईओआरए की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक की अध्यक्षता की। इसमें 23 सदस्य देशों और 12 संवाद साझेदारों ने हिस्सा लिया। भारत ने समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
नई दिल्ली: हिंद महासागर क्षेत्र में बदलते भू-राजनीतिक समीकरणों के बीच भारत ने सदस्य देशों से आपसी सहयोग बढ़ाने की अपील की है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार, 27 नवंबर को हिंद महासागर क्षेत्रीय संगठन (IORA) की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने वैश्विक व्यापार, ऊर्जा आपूर्ति और आर्थिक विकास में हिंद महासागर की भूमिका का जिक्र करते हुए साझा चुनौतियों से मिलकर निपटने की जरूरत बताई।
हिंद महासागर के देशों से जयशंकर ने की खास अपील
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बैठक में कहा कि दुनिया के बदलते हालात को देखते हुए आईओआरए के सदस्य देशों के बीच बेहतर तालमेल होना जरूरी है। उन्होंने संगठन की सामूहिक आवाज मजबूत करने और क्षेत्रीय स्तर पर इसकी भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। जयशंकर के मुताबिक, हिंद महासागर केवल समुद्री व्यापार का रास्ता नहीं है।
दुनिया के कई देशों की ऊर्जा जरूरतें, आर्थिक गतिविधियां और आपसी संपर्क भी इस क्षेत्र से जुड़े हैं। ऐसे में यहां शांति और स्थिरता बनाए रखना सभी सदस्य देशों के हित में है। विदेश मंत्री ने संवाद साझेदारों के साथ व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने की जरूरत भी बताई, ताकि क्षेत्र के सामने आने वाली नई चुनौतियों का मिलकर समाधान किया जा सके।
'महासागर' विजन के तहत आगे बढ़ रहा भारत
![]()
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि आईओआरए को लेकर भारत की प्राथमिकताएं उसके 'महासागर' विजन पर आधारित हैं। यह समुद्री पड़ोसी देशों के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए शुरू की गई भारत की पिछली 'सागर' पहल का विस्तार है। MAHASAGAR का पूरा नाम 'Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions' है। इसके जरिए भारत विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा, आर्थिक विकास और साझा प्रगति को बढ़ावा देना चाहता है।
इससे पहले भारत ने SAGAR यानी 'Security and Growth for All in the Region' पहल के तहत समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा और सभी देशों के विकास को प्राथमिकता दी थी। महासागर विजन के जरिए इसी सहयोग का दायरा बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
वर्ष 2027 तक भारत के पास रहेगी IORA की अध्यक्षता
भारत वर्ष 2025 से 2027 तक हिंद महासागर क्षेत्रीय संगठन की अध्यक्षता कर रहा है। अपनी अध्यक्षता के दौरान भारत ने नवाचार, खुलापन, लचीलापन और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता को प्राथमिकता दी है। जयशंकर का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे समय में संगठन के कामकाज और सदस्य देशों के बीच सहयोग को भी मौजूदा जरूरतों के मुताबिक आगे बढ़ाना होगा।
नई दिल्ली में आयोजित बैठक में 23 सदस्य देशों और 12 संवाद साझेदारों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान संगठन की भविष्य की रणनीति और साझा प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई।












