कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने परिसीमन विधेयक को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं दोबारा तय करने की प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।
नई दिल्ली: लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन की तैयारी के बीच राजनीतिक विवाद बढ़ने लगा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं। रांका का कहना है कि परिसीमन विधेयक पारित होने के बाद देश के निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय करने की प्रक्रिया कितनी निष्पक्ष होगी, इस पर भी चर्चा होनी चाहिए।
परिसीमन को लेकर आशुतोष रांका ने क्या कहा?
आशुतोष रांका ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि परिसीमन विधेयक पारित होने की स्थिति में देश की चुनावी सीमाओं के पुनर्निर्धारण में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका होगी। उन्होंने सवाल किया कि क्या इस पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी कोई बात करेगा? कॉकरोच जनता पार्टी इससे पहले भी मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर चुनाव आयोग की आलोचना करती रही है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी कर चुकी है।
CJP का आरोप है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मसौदा मतदाता सूचियों से 13 करोड़ से अधिक नाम हटाए गए थे। हालांकि, पार्टी के इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
लोकसभा सीटों के विस्तार पर अलग-अलग राय
लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव ने देश में राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर नई बहस शुरू कर दी है। खासकर उत्तर और दक्षिण भारतीय राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अलग-अलग चिंताएं सामने आ रही हैं। कुछ राजनीतिक दलों को आशंका है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से दक्षिण भारतीय राज्यों की संसद में हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है। वहीं, प्रस्ताव के समर्थकों का तर्क है कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने से निर्वाचन क्षेत्रों में आबादी का दबाव कम होगा और आम लोगों के लिए अपने सांसद तक पहुंचना आसान हो सकेगा।
केंद्र सरकार लोकसभा का विस्तार करने के साथ 2029 में महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना चाहती है। दूसरी तरफ, आलोचक इतने बड़े स्तर पर सीटों की संख्या बढ़ाने की जरूरत और परिसीमन की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं।
![]()
आखिर लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की जरूरत क्यों?
देश के राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा बंटवारा मुख्य रूप से 1971 की जनगणना पर आधारित है। उस समय भारत की आबादी करीब 55 करोड़ थी। पिछले पांच दशकों में जनसंख्या लगभग तीन गुनी हो चुकी है, लेकिन इसके अनुपात में लोकसभा सीटों की संख्या नहीं बढ़ी है। बढ़ती आबादी के चलते सांसदों के निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं और स्थानीय जरूरतों का दायरा भी बढ़ा है। लोकसभा विस्तार के पक्ष में इसे एक प्रमुख तर्क के तौर पर रखा जा रहा है।
27 लाख से घटकर 18 लाख हो सकती है औसत आबादी
मई 2026 में कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस की ओर से प्रकाशित एक शोधपत्र के मुताबिक, भारत में लोकसभा सांसद औसतन दूसरे देशों के निचले सदन के सदस्यों की तुलना में कहीं अधिक लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। शोधपत्र के अनुसार, भारत के एक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की औसत आबादी करीब 27 लाख है।
यदि लोकसभा सीटों की संख्या में लगभग 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है, तो यह आंकड़ा घटकर करीब 18 लाख रह सकता है। इसके बावजूद भारत के एक औसत संसदीय क्षेत्र की आबादी अमेरिका के एक संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की तुलना में दोगुनी से अधिक होगी।










