Sharvari Interview: सात साल के संघर्ष से बॉलीवुड में बनाई पहचान, शर्वरी ने बताया कामयाबी में परिवार का योगदान

बॉलीवुड अभिनेत्री शरवरी ने सात साल के संघर्ष और फिल्मी सफर के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने अपनी कामयाबी में परिवार के अहम योगदान का जिक्र किया।
Sharvari Interview: सात साल के संघर्ष से बॉलीवुड में बनाई पहचान, शर्वरी ने बताया कामयाबी में परिवार का योगदान

फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' की अभिनेत्री शर्वरी ने अपने सात साल के संघर्ष, ऑडिशन में मिले रिजेक्शन और बॉलीवुड के सफर पर खुलकर बात की। उन्होंने अपने माता-पिता को कामयाबी का सबसे बड़ा सहारा बताया।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: बचपन में मां का दुपट्टा ओढ़कर हीरोइन बनने का सपना देखने वाली शर्वरी आज हिंदी सिनेमा के बड़े निर्देशकों के साथ काम कर रही हैं। इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा' और 'ऐल्फा' के बाद अब वह सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में नजर आ रही हैं। हालांकि, यहां तक पहुंचने के लिए उन्हें करीब सात साल तक ऑडिशन देने पड़े। इस दौरान कई बार निराशा हाथ लगी, लेकिन उन्होंने मेहनत करना नहीं छोड़ा।

बड़े निर्देशकों के साथ काम करना शर्वरी के लिए गर्व की बात

इम्तियाज अली और सूरज बड़जात्या के साथ काम करने को शर्वरी अपने करियर की खास उपलब्धि मानती हैं। उनका कहना है कि दोनों निर्देशक महिला किरदारों को बड़ी खूबसूरती से लिखते हैं। उनके किरदारों में संवेदनशीलता के साथ अपने फैसले लेने की हिम्मत भी दिखाई देती है। शर्वरी के मुताबिक, सूरज बड़जात्या ने हिंदी सिनेमा की कई यादगार अभिनेत्रियों के साथ काम किया है। 

ऐसे में उनकी पारिवारिक प्रेम कहानी के लिए चुना जाना उनके लिए बड़ी बात है। दोनों निर्देशकों के साथ काम करने से उनका अपने अभिनय पर भरोसा भी बढ़ा है।

किसी एक तरह के किरदार तक सीमित नहीं रहना चाहतीं

शर्वरी ने अपने फिल्मी करियर में अलग-अलग तरह की भूमिकाएं चुनी हैं। 'वेदा' में महिला प्रधान कहानी का हिस्सा बनने के बाद उन्होंने 'मुंज्या' जैसी हॉरर कॉमेडी में काम किया। 'महाराज', 'ऐल्फा' और 'ये प्रेम मोल लिया' में भी उनके किरदार एक-दूसरे से काफी अलग हैं। अभिनेत्री का कहना है कि वह शुरुआत से ही किसी एक छवि में नहीं बंधना चाहती थीं। उन्हें ऐसी कहानियों का हिस्सा बनना पसंद है, जिनमें कुछ नया करने और सीखने का मौका मिले।

सात साल के संघर्ष में परिवार ने नहीं टूटने दिया हौसला

Sharvari Interview: सात साल के संघर्ष से बॉलीवुड में बनाई पहचान, शर्वरी ने बताया कामयाबी में परिवार का योगदान

शर्वरी के लिए फिल्मों में पहला मौका हासिल करना आसान नहीं था। कैमरे के पीछे बतौर असिस्टेंट काम करने से लेकर लगातार ऑडिशन देने तक उन्होंने लंबा सफर तय किया। जब उन्हें 'बंटी और बबली 2' में काम करने का मौका मिला, तो वह सीधे अपने घर पहुंचीं और फिल्म की स्क्रिप्ट माता-पिता के हाथों में रख दी। यह उनके परिवार के लिए भी भावुक पल था, क्योंकि उन्होंने शर्वरी के संघर्ष को बेहद करीब से देखा था।

अभिनेत्री बताती हैं कि ऑडिशन में असफल होने पर वह कई बार रोती थीं। ऐसे समय में माता-पिता उन्हें समझाते और आगे मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित करते थे।

रिजेक्शन से सीखकर दूर कीं अपनी कमियां

शर्वरी ने ऑडिशन में मिलने वाली असफलताओं को अपनी कमियां सुधारने का मौका बनाया। जब किसी फिल्म के लिए उनका चयन नहीं होता था, तो वह उसकी वजह जानने की कोशिश करती थीं। शुरुआती दिनों में उन्हें बताया गया कि उनकी हिंदी में मराठी लहजा सुनाई देता है। इसके बाद उन्होंने उच्चारण सुधारने के लिए तीन से चार डिक्शन क्लासेस लीं। डांस और अभिनय की ट्रेनिंग पर भी समय दिया। उनकी कोशिश थी कि जब फिल्मों में काम करने का अवसर मिले, तो तैयारी की कमी के कारण वह मौका हाथ से न जाए।

माता-पिता ही हैं सबसे बड़े समर्थक और आलोचक

शर्वरी अपनी मां और बड़ी बहन कस्तूरी के बेहद करीब हैं। दोनों को वह अपना रोल मॉडल मानती हैं और उनसे अपनी हर छोटी-बड़ी बात साझा करती हैं। उनके लिए फिल्म की सफलता से मिलने वाली खुशी तब और बढ़ जाती है, जब परिवार उनके काम से खुश होता है। शर्वरी के मुताबिक, उनके माता-पिता उनकी तारीफ करने के साथ गलतियां बताने से भी पीछे नहीं हटते।

प्यार और शादी को लेकर भी अभिनेत्री की सोच अपने माता-पिता के रिश्ते से प्रभावित है। उनके लिए किसी रिश्ते में आपसी समझ और एक-दूसरे का साथ सबसे ज्यादा मायने रखता है।

Leave a comment