Tata Trusts vs Tata Sons: टाटा ट्रस्ट्स को हाई कोर्ट से झटका, 30 नवंबर को होगी बोर्ड मीटिंग

टाटा ट्रस्ट्स को हाई कोर्ट से झटका लगा है। अब 30 नवंबर को बोर्ड मीटिंग होगी। जानें टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस के बीच विवाद की पूरी जानकारी। टाटा ट्रस्ट्स बनाम
Tata Trusts vs Tata Sons: टाटा ट्रस्ट्स को हाई कोर्ट से झटका, 30 नवंबर को होगी बोर्ड मीटिंग

बॉम्बे हाई कोर्ट ने टाटा संस की 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति से जुड़े मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी को होगी।

बिजनेस न्यूज़: टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर टाटा ग्रुप के भीतर चल रहा विवाद अदालत पहुंच गया है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने टाटा ट्रस्ट्स की ओर से बोर्ड मीटिंग रोकने की मांग स्वीकार नहीं की है। अब 30 नवंबर को निर्धारित समय पर बैठक हो सकेगी। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया है कि बैठक में लिए जाने वाले फैसले मामले के अंतिम अदालती निर्णय के अधीन रहेंगे।

बोर्ड मीटिंग रोकने के लिए अदालत पहुंचे थे ट्रस्ट्स

टाटा ट्रस्ट्स ने 30 नवंबर को प्रस्तावित टाटा संस की बोर्ड मीटिंग को स्थगित कराने के लिए अदालत का रुख किया था। विवाद की शुरुआत 17 सितंबर को हुई बोर्ड बैठक में पारित कुछ प्रस्तावों से जुड़ी है। ट्रस्ट्स का आरोप है कि एन चंद्रशेखरन ने चेयरमैन के तौर पर अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करके ऐसे प्रस्ताव पारित कराए, जिनके लिए टाटा ट्रस्ट्स के प्रतिनिधि निदेशकों की सहमति जरूरी थी। 

इनमें चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति से जुड़ा प्रस्ताव भी शामिल है। अदालत ने फिलहाल बैठक पर रोक नहीं लगाई है। इस मामले में अगली सुनवाई 18 जनवरी 2027 को होगी।

कंपनी के आर्टिकल 121 को लेकर विवाद

पूरे मामले के केंद्र में टाटा संस के आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन का आर्टिकल 121 है। टाटा ट्रस्ट्स का दावा है कि कंपनी के कुछ महत्वपूर्ण फैसलों के लिए उसके प्रतिनिधि निदेशकों की मंजूरी अनिवार्य है। ट्रस्ट्स का तर्क है कि ऐसे मामलों में चेयरमैन अपने निर्णायक मत यानी कास्टिंग वोट के जरिए प्रतिनिधि निदेशकों की असहमति को दरकिनार नहीं कर सकते।

ट्रस्ट्स के मुताबिक, सितंबर की बैठक में नोएल टाटा की सहमति के बिना कई प्रस्ताव पारित किए गए थे। इन्हें अगली बोर्ड बैठक में औपचारिक मंजूरी मिलने से कंपनी में ट्रस्ट्स के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। इसी आधार पर अदालत से अंतरिम राहत मांगी गई थी।

टाटा संस ने दिया RBI की डेडलाइन का हवाला

Tata Trusts vs Tata Sons: टाटा ट्रस्ट्स को हाई कोर्ट से झटका, 30 नवंबर को होगी बोर्ड मीटिंग

शुक्रवार को अदालत में टाटा संस की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने बोर्ड मीटिंग स्थगित करने की मांग का विरोध किया। उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से तय समयसीमा का हवाला दिया। उनकी दलील थी कि टाटा संस को लिस्टिंग से जुड़ी नियामकीय शर्तों के पालन पर अपना निर्णय बताने के लिए 12 दिसंबर तक का समय मिला है। ऐसे में कंपनी के लिए समय पर बैठक करना जरूरी है।

दूसरी ओर, टाटा ट्रस्ट्स का पक्ष रख रहे वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि कंपनी आरबीआई की समयसीमा का हवाला देकर जल्दबाजी में बैठक आयोजित करना चाहती है।

दोनों ट्रस्ट्स ने मांगा 65 करोड़ रुपये का हर्जाना

टाटा ग्रुप के सात चैरिटेबल ट्रस्ट्स में शामिल सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को चुनौती दी है। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने 50 करोड़ रुपये, जबकि आरडी टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। दोनों ट्रस्ट्स ने इस रकम पर 18 फीसदी सालाना ब्याज देने की भी मांग रखी है। हालांकि, इन मांगों पर अदालत का अंतिम फैसला आना बाकी है।

फरवरी 2027 से शुरू होना है चंद्रशेखरन का तीसरा कार्यकाल

टाटा ट्रस्ट्स, टाटा संस का सबसे बड़ा शेयरधारक है और नोएल टाटा इसके चेयरमैन हैं। सितंबर में टाटा संस ने एन चंद्रशेखरन को पांच साल के तीसरे कार्यकाल के लिए चेयरमैन नियुक्त करने का फैसला किया था। उनका नया कार्यकाल फरवरी 2027 से शुरू होना है। नोएल टाटा ने इस प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया था। अब नियुक्ति की वैधता और बोर्ड में निर्णय लेने के अधिकारों को लेकर कानूनी विवाद जारी है।

Leave a comment