ईपीएफओ अपने करोड़ों सदस्यों के लिए पीएफ निकासी की प्रक्रिया आसान बनाने की तैयारी कर रहा है। यूपीआई से निकासी, रिटायरमेंट के बाद किस्तों में भुगतान और स्वैच्छिक योगदान जैसी सुविधाएं शुरू करने की योजना है।
बिजनेस न्यूज़: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) आने वाले समय में अपने खाताधारकों को कई नई सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत पीएफ खाते से पैसे निकालने के तरीके में बदलाव किया जा सकता है। कर्मचारियों को यूपीआई के जरिए निकासी की सुविधा देने के साथ रिटायरमेंट के बाद किस्तों में पीएफ की रकम प्राप्त करने का विकल्प भी मिल सकता है। इसके अलावा ईपीएफओ अपनी तकनीकी व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर काम कर रहा है।
EPFO 3.0 से आसान होगा पीएफ से जुड़ा कामकाज
ईपीएफओ अपनी मौजूदा तकनीकी व्यवस्था में बदलाव करने के लिए EPFO 3.0 सिस्टम तैयार कर रहा है। इसके जरिए पीएफ क्लेम का निपटारा तेजी से करने और अधिकांश सेवाओं को पूरी तरह पेपरलेस बनाने की योजना है। नया सिस्टम बैंकों की केंद्रीकृत कोर बैंकिंग व्यवस्था की तरह काम करेगा। इसका फायदा खासतौर पर उन कर्मचारियों को मिल सकता है, जो नौकरी बदलने के कारण एक शहर से दूसरे शहर चले जाते हैं।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद पीएफ से जुड़े कामों के लिए पुराने क्षेत्रीय कार्यालय पर निर्भरता कम हो सकती है। इस सिस्टम को वर्ष 2027 में लॉन्च किए जाने की संभावना है। हालांकि, इसकी आधिकारिक तारीख का इंतजार है।
UPI और ATM से पीएफ निकालने की तैयारी
![]()
ईपीएफओ सदस्यों को यूपीआई के माध्यम से पीएफ की रकम निकालने की सुविधा देने पर काम कर रहा है। इसके लिए BHIM ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। प्रस्तावित व्यवस्था में खाताधारक अपने पीएफ खाते का कुल बैलेंस और निकासी के लिए उपलब्ध रकम देख सकेंगे। इसके अलावा खाते में सुरक्षित रखी जाने वाली राशि की जानकारी भी मिलेगी।
खाते में न्यूनतम बैलेंस बनाए रखने से जुड़ी शर्तों में बदलाव पर भी विचार किया जा रहा है। इससे जरूरत के समय कर्मचारियों को अपनी जमा पूंजी का इस्तेमाल करने में आसानी हो सकती है। एटीएम से पीएफ की रकम निकालने की सुविधा भी प्रस्तावित है। हालांकि, इसे शुरू करने की आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
रिटायरमेंट के बाद किस्तों में ले सकेंगे पीएफ की रकम
रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को अपने पीएफ फंड का बेहतर इस्तेमाल करने के लिए नया विकल्प मिल सकता है। प्रस्ताव के अनुसार, सदस्य पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय मासिक, तिमाही या छमाही किस्तों में भुगतान प्राप्त कर सकेंगे। खाताधारक चाहें तो जरूरत के मुताबिक कुछ रकम एकमुश्त निकाल सकेंगे और बाकी राशि किस्तों में प्राप्त कर सकेंगे। पीएफ खाते में बची हुई रकम पर नियमानुसार ब्याज मिलता रहेगा।
शुरुआती चरण में इस सुविधा का लाभ करीब 6.32 लाख सदस्यों को मिलने की उम्मीद है। इनमें 55 वर्ष से अधिक उम्र और पांच लाख रुपये से ज्यादा पीएफ बैलेंस वाले सदस्य शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इसके लिए मौजूदा नियमों में जरूरी संशोधन होने बाकी हैं।
कर्मचारी अपनी इच्छा से भी जमा कर सकेंगे पैसे
ईपीएफओ एक ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर विचार कर रहा है, जिसके तहत सदस्य अपने यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से जुड़े पीएफ खाते में सीधे स्वैच्छिक योगदान कर सकेंगे। इसके अलावा थर्ड पार्टी के माध्यम से छोटी-छोटी रकम जमा करने का विकल्प भी उपलब्ध कराया जा सकता है। प्रस्तावित व्यवस्था से गिग वर्कर्स, डिलीवरी पार्टनर्स और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को भविष्य के लिए बचत करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इस सुविधा को लागू करने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि योजना और आयकर कानून के संबंधित प्रावधानों में बदलाव करना जरूरी होगा।










