अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी निजी आवास छोड़कर सैन्य परिसरों में रहने लगे हैं। राजनीतिक हिंसा और ईरान से कथित धमकियों के बीच सुरक्षा चिंताओं को इसकी प्रमुख वजह बताया जा रहा है।
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में शामिल कई बड़े नेताओं और अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से अपने रहने का ठिकाना बदल लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब आधा दर्जन वरिष्ठ अधिकारी वॉशिंगटन के सैन्य आवासों में रह रहे हैं। इनमें कुछ ऐसे ऐतिहासिक आवास भी हैं, जिन्हें मूल रूप से वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के लिए बनाया गया था। इस बदलाव के बीच सुरक्षा खर्च और सरकारी आवासों के इस्तेमाल को लेकर भी बहस शुरू हो गई है।
ईरान से मिल रही धमकियों के बाद बदला आवास
अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट हाल ही में अपना निजी आवास छोड़कर सैन्य परिसर में रहने चले गए हैं। बेसेंट ने बताया कि ईरान की ओर से जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगाने और वित्तीय दबाव बढ़ाने की ट्रंप प्रशासन की मुहिम में बेसेंट की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि धमकियों के बावजूद वह अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटेंगे।
समाचार एजेंसी ने भी बेसेंट के सैन्य आवास में जाने की जानकारी दी है। हालांकि, ईरान पहले अमेरिकी धरती पर अधिकारियों और नागरिकों को निशाना बनाने की साजिश के आरोपों से इनकार कर चुका है।
आम लोगों से बढ़ रही अधिकारियों की दूरी
अमेरिकन यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर कांग्रेसनल एंड प्रेसिडेंशियल स्टडीज के निदेशक थॉमस कान ने इस बदलाव के सामाजिक पहलू पर चिंता जताई है। उनके मुताबिक, बड़े सरकारी पदों पर बैठे अधिकारी पहले से ही सुरक्षा घेरे में रहते हैं। उनके आने-जाने और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने के दौरान विशेष इंतजाम रहते हैं।
अब सामान्य रिहायशी इलाकों से दूर रहने के कारण आम नागरिकों के साथ उनका संपर्क और सीमित हो सकता है। ट्रंप प्रशासन का पक्ष है कि अधिकारियों को निशाना बनाकर दी जा रही धमकियों के कारण उनके लिए सामान्य रिहायशी इलाकों में रहना मुश्किल हो गया है।
![]()
सैन्य आवासों के किराये की जांच की मांग
कैलिफोर्निया के सांसद जॉर्ज वाइटसाइड्स ने सैन्य अधिकारियों के लिए बनाए गए आवासों में राजनीतिक नियुक्ति वाले अधिकारियों के रहने पर सवाल उठाए हैं। वह जानना चाहते हैं कि इन आवासों का इस्तेमाल कर रहे अधिकारी बाजार दर के मुताबिक किराया चुका रहे हैं या नहीं। सैन्य आवासों में रहने वाले अधिकारियों को किराये का भुगतान करना पड़ता है।
आवास के अनुसार यह रकम आमतौर पर 4,500 डॉलर प्रति माह से अधिक होती है। अमेरिकी संसद की संबंधित समिति ने इस व्यवस्था से जुड़े सुरक्षा कारणों, कानूनी अधिकारों और किराये की जांच के लिए रिपोर्ट तैयार करने की पहल को मंजूरी दी है।
साल 2008 में बदले गए थे किराये के नियम
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के सैन्य आवास में रहने की व्यवस्था नई नहीं है। जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बराक ओबामा के कार्यकाल में रक्षा सचिव रहे रॉबर्ट गेट्स भी सैन्य आवास में रहते थे। उस समय उन्हें करीब 6,500 डॉलर मासिक किराया देना पड़ता था। साल 2008 में पेंटागन ने किराये से संबंधित कानून में बदलाव की मांग की थी।
उसका तर्क था कि पहले से सुरक्षित सैन्य परिसर में अधिकारियों के रहने से निजी आवासों की सुरक्षा पर होने वाला अतिरिक्त सरकारी खर्च कम किया जा सकता है। इसके बाद रक्षा सचिव के लिए किराया किसी फोर-स्टार जनरल या एडमिरल के आवास भत्ते से पांच फीसदी अधिक रखने की व्यवस्था की गई।










