ताजमहल से जुड़ी फूलों की नक्काशी वाली संगमरमर की एक ऐतिहासिक पट्टिका नौ दिसंबर को ब्रिटेन में नीलाम होगी। करीब 200 वर्षों से ब्रिटिश परिवार के संग्रह में मौजूद इस पट्टिका की अनुमानित कीमत 24 से 36 लाख रुपये है।
लंदन: आगरा के ताजमहल से जुड़ी एक ऐतिहासिक वस्तु ब्रिटेन में नीलामी के लिए पेश की जाने वाली है। यह संगमरमर की एक आयताकार पट्टिका है, जिसके किनारों पर फूलों की खूबसूरत नक्काशी की गई है। नीलामी से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक, ब्रिटिश सैन्य अधिकारी कर्नल पाउनोल फिप्स ने इसे वर्ष 1816 में हासिल किया था। तब से यह उनके परिवार के निजी संग्रह का हिस्सा रही है।
नौ दिसंबर को लंदन में होगी नीलामी
ब्रिटिश नीलामी संस्था ल्योन एंड टर्नबुल (Lyon & Turnbull) नौ दिसंबर 2026 को लंदन में 'इस्लामिक एंड इंडियन आर्ट' की नीलामी आयोजित करेगी। इसी आयोजन में संगमरमर की इस ऐतिहासिक पट्टिका को बिक्री के लिए रखा जाएगा। नीलामी में इसकी कीमत 20 हजार से 30 हजार ब्रिटिश पाउंड के बीच रहने का अनुमान है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 24 से 36 लाख रुपये है। पट्टिका की लंबाई 55.8 सेंटीमीटर, चौड़ाई 45.2 सेंटीमीटर और मोटाई तीन सेंटीमीटर है।
इसके साथ ताजमहल की एक पुरानी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर और दो ऐतिहासिक पत्र भी नीलामी में शामिल होंगे। इनमें एक पत्र कर्नल फिप्स के पोते से जुड़ा है, जबकि दूसरा मार्क्विस ऑफ बाथ ने हाथ से लिखा था।
ताजमहल के भूमिगत हिस्से में मिली थीं दो पट्टिकाएं
कर्नल पाउनोल फिप्स के बेटे के संस्मरणों के अनुसार, उनके पिता को वर्ष 1816 में ताजमहल के एक भूमिगत कमरे में संगमरमर की दो पट्टिकाएं मिली थीं। उस समय फिप्स आगरा और आसपास की ऐतिहासिक इमारतों की मरम्मत का काम देखते थे। फिप्स का मानना था कि इन पट्टिकाओं को ताजमहल की मरम्मत के लिए तैयार किया गया होगा। ब्रिटेन में अब उन्हीं दो पट्टिकाओं में से एक की नीलामी होने जा रही है।
कौन थे कर्नल पाउनोल फिप्स?
![]()
पाउनोल फिप्स का जन्म वर्ष 1780 में इंग्लैंड के डेवोन में हुआ था। उनके परिवार में सैन्य सेवा की परंपरा 17वीं सदी से चली आ रही थी। वर्ष 1799 में उन्होंने ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल सेना में कैडेट के तौर पर अपना सैन्य करियर शुरू किया। मिस्र में सैन्य अभियानों में हिस्सा लेने के बाद वह भारत लौट आए थे। यहां उन्हें अन्य जिम्मेदारियों के साथ ऐतिहासिक इमारतों की देखभाल का काम भी सौंपा गया था। इनमें ताजमहल भी शामिल था।
ऐतिहासिक इमारतों को नुकसान पहुंचाने वालों को रोकते थे फिप्स
नीलामी से जुड़े दस्तावेजों में फिप्स के भारत में बिताए समय का एक दिलचस्प किस्सा भी दर्ज है। उस दौर में कुछ यूरोपीय पर्यटक ऐतिहासिक इमारतों से यादगार के तौर पर पत्थर और सजावटी वस्तुएं निकालने की कोशिश करते थे। फिप्स के बेटे ने अपने संस्मरणों में एक अंग्रेज महिला का जिक्र किया है, जो पहरेदार के मना करने के बावजूद स्टील के कांटे से ताजमहल के संगमरमर में जड़े कीमती पत्थरों को निकालने की कोशिश कर रही थी। इस घटना के बाद फिप्स को वहां बुलाया गया था।
वर्ष 1823 में फिप्स अपने परिवार के साथ ब्रिटेन लौट गए। वर्ष 1858 में उनका निधन हो गया। संगमरमर की यह पट्टिका दो सदियों से अधिक समय तक उनके परिवार के पास रही।
शाहजहां के स्मृति समाधि-स्थल से मिलता है डिजाइन
संगमरमर की इस पट्टिका की खासियत इसकी बारीक पच्चीकारी है। इसमें एगेट, जैस्पर और अन्य अर्ध-कीमती पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है। पट्टिका के किनारों पर फूलों और पत्तियों की आकृतियां बनाई गई हैं। नीलामीकर्ताओं के अनुसार, इसकी सजावट ताजमहल में शाहजहां के प्रतीकात्मक समाधि-स्थल पर बने डिजाइन से प्रेरित है। शाहजहां की मृत्यु वर्ष 1666 में हुई थी। हालांकि, यह पट्टिका ताजमहल की मूल संरचना का हिस्सा थी या मरम्मत के लिए अलग से तैयार की गई थी, इसकी निर्णायक पुष्टि नहीं हुई है।











