इटली की संसद ने नए शिक्षा कानून को मंजूरी दे दी है। इसके तहत स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर रोक लगेगी और पहली कक्षा में विदेशी मूल के छात्रों की संख्या सीमित की जाएगी।
रोम: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने स्कूली शिक्षा से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है। संसद से मंजूरी मिलने के बाद स्कूलों में चेहरा ढकने वाले बुर्के और नकाब पहनने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा पहली कक्षा में विदेशी मूल के छात्रों की संख्या अधिकतम 30 प्रतिशत रखने का प्रावधान किया गया है। विपक्षी दलों ने सरकार के इस फैसले को भेदभावपूर्ण बताया है।
संसद के दोनों सदनों से मिली मंजूरी
इटली की संसद के निचले सदन चैंबर ऑफ डेप्युटीज में नए शिक्षा कानून के पक्ष में 142 सांसदों ने मतदान किया, जबकि 112 सांसदों ने इसका विरोध किया। चार सदस्य मतदान से दूर रहे। इससे पहले 20 नवंबर को सीनेट ने भी इसे पारित कर दिया था। इस शिक्षा कानून को डेक्रेटो स्कुओला (Decreto Scuola) के नाम से जाना जाता है। यह 30 सितंबर 2026 के डिक्री-लॉ संख्या 170 का हिस्सा है।
इसमें शैक्षणिक सत्र 2026-27 के संचालन, विदेशी छात्रों को स्थानीय शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने और नेशनल रिकवरी एंड रेजिलिएंस प्लान (PNRR) के तहत शुरू की गई योजनाओं से संबंधित प्रावधान भी शामिल हैं।
इतालवी भाषा जानने वाले छात्रों को मिलेगी छूट
विदेशी मूल के सभी छात्र 30 प्रतिशत की सीमा के दायरे में नहीं आएंगे। नए नियमों में उन बच्चों को छूट दी गई है, जिन्हें इतालवी भाषा का पर्याप्त ज्ञान है। ऐसे छात्रों पर संख्या से जुड़ी पाबंदी लागू नहीं होगी। सरकार ने विदेशी अभिभावकों के लिए भी भाषा प्रशिक्षण की व्यवस्था का प्रावधान किया है। जिन बच्चों को इटली की शिक्षा प्रणाली और स्थानीय माहौल में ढलने में परेशानी हो रही है, उनके माता-पिता के लिए इतालवी भाषा के कोर्स चलाए जाएंगे।
साल 2010 में भी लागू किया गया था ऐसा नियम
![]()
इटली में स्कूली कक्षाओं के भीतर विदेशी छात्रों की संख्या सीमित करने का मामला नया नहीं है। साल 2010 में तत्कालीन शिक्षा मंत्री मारियास्टेला गेल्मिनी ने एक सर्कुलर जारी किया था। उसमें भी गैर-इतालवी छात्रों की संख्या 30 प्रतिशत तक रखने की बात कही गई थी। हालांकि, कई इलाकों में इस नियम को लागू करना आसान नहीं रहा। खासकर बड़े शहरों के बाहरी क्षेत्रों में विदेशी मूल के परिवारों की आबादी और स्थानीय जनसांख्यिकीय परिस्थितियों के कारण तय सीमा का पालन करने में कठिनाई आई थी।
बुर्का और नकाब पर रोक का विपक्ष ने किया विरोध
स्कूलों में चेहरा ढकने पर प्रतिबंध लगाने के फैसले से मुस्लिम छात्राओं के बुर्का और नकाब पहनने पर भी रोक लगेगी। विपक्षी दलों ने इसे लेकर संसद में नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में इस तरह के प्रतिबंध भेदभाव को बढ़ावा देते हैं। निचले सदन में अंतिम मतदान के दौरान विपक्षी सांसदों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। इस दौरान सांसदों ने एक तख्ती दिखाई, जिस पर लिखा था कि स्कूल में कोई भी विदेशी नहीं होता।
प्रधानमंत्री मेलोनी ने फैसले के समर्थन में क्या कहा?
प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इसी साल की शुरुआत में शिक्षा से जुड़े इन बदलावों के लिए कानून लाने की घोषणा की थी। अपनी पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली के युवा संगठन जियोवेंतू नाजियोनाले की एक रैली में उन्होंने प्रस्तावित नियमों का समर्थन किया था। मेलोनी का कहना था कि ऐसी स्थिति स्वीकार नहीं की जा सकती, जिसमें इतालवी बच्चे अपने ही देश की कक्षाओं में अल्पसंख्यक होने के कारण अलग-थलग महसूस करें। उन्होंने विदेशी मूल के बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए इतालवी भाषा सीखने की जरूरत पर भी जोर दिया था।












