इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर गादी आइजेनकोट ने यायर गोलान की डेमोक्रेट्स पार्टी के साथ गठबंधन समझौता किया है। अरब पार्टी राम के भी सरकार में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
तेल अवीव: इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। गादी आइजेनकोट की यशार पार्टी और यायर गोलान की डेमोक्रेट्स ने गुरुवार को गठबंधन समझौते पर सहमति जताई। एविग्डोर लिबरमैन की पार्टी के साथ आइजेनकोट पहले ही समझौता कर चुके हैं। हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री नेफ्टाली बेनेट की मांगों और हरेदी समुदाय की सैन्य भर्ती को लेकर जारी मतभेदों के कारण सरकार गठन की तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है।
यायर गोलान की पार्टी को मिलेंगे चार मंत्रालय
इजरायल में सत्ता परिवर्तन की कोशिशों के बीच 26 नवंबर को यशार और डेमोक्रेट्स के बीच महत्वपूर्ण सहमति बनी। इससे पहले यायर गोलान ने आइजेनकोट के साथ बातचीत रोक दी थी। गोलान की नाराजगी की वजह यशार पार्टी की बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के साथ एकता सरकार बनाने को लेकर चल रही बातचीत थी।
नए समझौते के तहत डेमोक्रेट्स को आंतरिक सुरक्षा, श्रम एवं कल्याण, संचार और संस्कृति एवं खेल मंत्रालय दिए जाने पर सहमति बनी है। दोनों दल समझौते की अंतिम शर्तों पर काम कर रहे हैं। आइजेनकोट इससे पहले एविग्डोर लिबरमैन की यिसरायल बेतेनु के साथ भी गठबंधन पर सहमति बना चुके हैं। अब उनकी कोशिश अन्य राजनीतिक दलों का समर्थन जुटाने की है।
अरब पार्टी राम की भूमिका हो सकती है महत्वपूर्ण
सरकार गठन की बातचीत के बीच अरब पार्टी राम (Ra'am) भी चर्चा में है। इजरायल की संसद में सात सीटों वाली इस पार्टी का समर्थन बहुमत जुटाने में महत्वपूर्ण हो सकता है। राम के अध्यक्ष मंसूर अब्बास ने दावा किया है कि आइजेनकोट के नेतृत्व वाली सरकार में उनकी पार्टी और यूनाइटेड तोराह जुडाइज्म (UTJ) दोनों शामिल होंगी।
उन्होंने अरब दलों के संयुक्त मोर्चे जॉइंट लिस्ट से बाहर से संसदीय समर्थन मिलने की संभावना भी जताई है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम समझौते की घोषणा नहीं हुई है। इजरायल की 120 सदस्यीय संसद में सरकार बनाने के लिए कम से कम 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है।
![]()
सैन्य भर्ती को लेकर फंसा गठबंधन का पेच
यूनाइटेड तोराह जुडाइज्म के धार्मिक नेताओं ने आइजेनकोट की पार्टी के साथ औपचारिक बातचीत आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी है। हालांकि, हरेदी समुदाय के पुरुषों की अनिवार्य सैन्य भर्ती का मुद्दा दोनों पक्षों के बीच बातचीत में महत्वपूर्ण बना हुआ है। इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यशार पार्टी ने धार्मिक शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले हरेदी छात्रों को सैन्य भर्ती से छूट देने पर शुरुआती सहमति जताई है।
इसके साथ ही छूट पाने वालों की पात्रता की निगरानी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई है। यूटीजे पहले नेतन्याहू के गठबंधन का हिस्सा रही है। अब यह पार्टी नई सरकार में शामिल होने के विकल्प तलाश रही है।
नेतन्याहू के साथ एकता सरकार चाहते हैं बेनेट
पूर्व प्रधानमंत्री नेफ्टाली बेनेट की राय आइजेनकोट के संभावित गठबंधन से अलग है। वह चाहते हैं कि यशार और लिकुड मिलकर एकता सरकार बनाएं। उनका तर्क है कि इस व्यवस्था के जरिए हरेदी समुदाय की सैन्य भर्ती से जुड़े नियमों में बदलाव करना आसान होगा। सैन्य भर्ती के मुद्दे पर मतभेदों के चलते बेनेट ने गठबंधन से जुड़ी बातचीत रविवार तक टाल दी है। उनकी पार्टी बी-याचाद का रुख सरकार गठन की आगे की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण रहेगा।










