फतेहपुर में शराब के लिए पैसे न देने पर बेटे ने मां को पीटा, इलाज के दौरान मौत

फतेहपुर में शराब के लिए पैसे न देने पर बेटे ने मां को लोहे की पाइप से पीटा। इलाज के दौरान महिला की मौत, आरोपी गिरफ्तार।
फतेहपुर में शराब के लिए पैसे न देने पर बेटे ने मां को पीटा, इलाज के दौरान मौत

फतेहपुर में शराब के लिए पैसे न मिलने पर बेटे ने मां की लोहे की पाइप से पिटाई कर दी। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Uttar pradesh: फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के बरमतपुर गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव की रहने वाली 43 वर्षीय माया देवी अपने परिवार के साथ रहती थीं। उनका बेटा अरविंद कुमार शराब का आदी बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, 9 तारीख को अरविंद नशे में घर पहुंचा और अपनी मां से शराब के लिए पैसे मांगने लगा।

माया देवी ने उसे पैसे देने से साफ मना कर दिया। उन्होंने बेटे को समझाते हुए कहा कि शराब पर पैसा खर्च करने के बजाय इलाज कराओ और अपनी सेहत सुधारो। मां की यह बात अरविंद को नागवार गुजरी। नशे की हालत में वह गुस्से पर काबू नहीं रख सका और विवाद बढ़ गया।

लोहे की रॉड से किया हमला

फतेहपुर में शराब के लिए पैसे न देने पर बेटे ने मां को पीटा, इलाज के दौरान मौत

गुस्से में आकर अरविंद ने घर में रखे मोटरसाइकिल के सांकर वाले लोहे के पाइप से मां पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से माया देवी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। हमले के बाद भी अरविंद वहीं बैठा रहा। पड़ोसियों और परिवार के अन्य लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंचे।

घायल माया देवी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख उन्हें कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। मां की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

आरोपी गिरफ्तार

मृतका का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के देवर शिव भजन ने बताया कि अरविंद लंबे समय से नशे का आदी था और अक्सर घर में झगड़ा करता था। पुलिस ने आरोपी अरविंद को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि शराब के लिए पैसे न मिलने और इलाज की बात सुनकर उसे गुस्सा आ गया था। 

उसी गुस्से में उसने अपनी मां पर हमला कर दिया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। एक मां, जो अपने बेटे को नशे से दूर देखना चाहती थी, उसी बेटे के हाथों अपनी जान गंवा बैठी।

Leave a comment