पीएम मोदी के 3 देशों के दौरे से भारत को क्या मिला, संबित पात्रा ने 10 पॉइंट में गिनाया 'दस का दम'

पीएम मोदी के इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे के बाद BJP सांसद संबित पात्रा ने भारत को मिले 10 प्रमुख रणनीतिक और आर्थिक फायदे गिनाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे के बाद बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने यात्रा के 10 प्रमुख लाभ गिनाए। उन्होंने रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, निवेश और रणनीतिक साझेदारी जैसे क्षेत्रों में सहयोग को भारत के लिए अहम उपलब्धि बताया।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह दिन के इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे के बाद भारत लौट आए हैं। दौरे के बाद भारतीय जनता पार्टी के सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस वार्ता में इस यात्रा को भारत की विदेश नीति और रणनीतिक हितों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसके 10 प्रमुख लाभ गिनाए। इस दौरान उन्होंने रक्षा सहयोग, व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत होने का दावा किया।

संबित पात्रा ने बताए यात्रा के 10 प्रमुख फायदे

बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की हालिया विदेश यात्रा से भारत को कई रणनीतिक और आर्थिक लाभ मिले हैं। उनके अनुसार, इस दौरे के प्रमुख परिणामों में हिंद महासागर-इंडो-पैसिफिक सहयोग, रक्षा और समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति, ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक एवं निवेश सहयोग, प्रधानमंत्री को मिला विशेष सम्मान, सांस्कृतिक साझेदारी, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा सहयोग, खेल और लोगों के बीच संबंधों को मजबूती शामिल हैं।

पीएम मोदी के 3 देशों के दौरे से भारत को क्या मिला, संबित पात्रा ने 10 पॉइंट में गिनाया 'दस का दम'

उन्होंने इसे "दस कदम, दस का दम" बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में सहयोग भविष्य में भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

तीन देशों में हुए उच्चस्तरीय द्विपक्षीय संवाद

प्रधानमंत्री मोदी ने यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से मुलाकात कर व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की। दोनों देशों के बीच रक्षा, समुद्री सहयोग, व्यापार, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

इसके बाद ऑस्ट्रेलिया में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया गया। दोनों देशों ने रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, ऊर्जा और निवेश को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।

न्यूजीलैंड दौरा रहा ऐतिहासिक

यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड का दौरा किया, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री की लगभग 40 वर्षों में पहली आधिकारिक यात्रा रही। इस दौरान दोनों देशों ने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत करने और रक्षा, व्यापार, शिक्षा, खेल तथा लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को भी संबोधित किया और दोनों देशों के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों तथा आर्थिक सहयोग को भविष्य की साझेदारी का मजबूत आधार बताया।

सरकार का फोकस इंडो-पैसिफिक सहयोग पर

विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस तीन देशों के दौरे का उद्देश्य भारत की 'एक्ट ईस्ट' नीति को आगे बढ़ाना, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी मजबूत करना, व्यापार और निवेश बढ़ाना तथा रक्षा एवं समुद्री सहयोग को नई गति देना था। यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर व्यापक चर्चा हुई।

बीजेपी की ओर से इसे भारत की वैश्विक भूमिका को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण दौरा बताया गया है। वहीं, विभिन्न द्विपक्षीय समझौतों और घोषणाओं के प्रभाव का आकलन आने वाले समय में उनके क्रियान्वयन के आधार पर किया जाएगा।

Leave a comment