भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा बुलाए गए पंजाब विधानसभा सत्र को लेकर कहा है कि इसे अपने राजनीतिक हित साधने के लिए आयोजित किया गया है।
चंडीगढ़: पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा में बुलाया गया विशेष सत्र राजनीतिक हितों के लिए केंद्र और राज्य के बीच कड़वाहट पैदा करने का प्रयास है। जाखड़ ने आरोप लगाया कि AAP अपनी नाकामियों और भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए प्रोपेगेंडा कर रही है।
केंद्र-राज्य संबंधों में टकराव
जाखड़ ने कहा, "संघीय ढांचे में विकास तभी संभव है जब केंद्र और राज्य मिलकर काम करें। लेकिन AAP हमेशा ही केंद्र के साथ टकराव वाली राजनीति करती रही है।" उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति से राज्य का विकास बाधित होता है और आम जनता का नुकसान होता है। जाखड़ ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा विधानसभा में भ्रष्टाचार की बात स्वीकार करना विरोधाभासी है।
उन्होंने पूछा कि यदि मुख्यमंत्री को मनरेगा में भ्रष्टाचार का पता था, तो इतने वर्षों तक इस पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि मनरेगा का पूरा ढांचा राज्य सरकार के नियंत्रण में है, इसलिए जिम्मेदारी सीधे राज्य सरकार की है।
![]()
कानून-व्यवस्था और रोजगार पर जोर
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को अपने भरे हुए खजाने की बातें करने के बजाय कानून-व्यवस्था और गरीबों के रोजगार पर ध्यान देना चाहिए। जाखड़ ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:
'स्पेशल विधानसभा सत्रों की शृंखला में आज एक और कड़ी जुड़ने जा रही है, लेकिन इससे पंजाब को क्या फायदा होगा? सरकार को राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करनी चाहिए। अगर राज्य में अमन-शांति होगी, तभी लोग काम कर पाएंगे।'
उन्होंने मनरेगा में हुए भ्रष्टाचार पर भी सवाल उठाया और पूछा कि सरकार अपने मंत्रियों और सहयोगियों को बचाने के लिए जांच क्यों नहीं करवा रही। जाखड़ ने कहा, क्या मुख्यमंत्री भगवंत मान यह विधानसभा में बताएंगे कि भ्रष्टाचार पर क्यों कार्रवाई नहीं हुई? जाखड़ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि यदि वे सचमुच गरीबों के हितैषी हैं, तो मनरेगा में रोजगार की संख्या बढ़ाकर 100 दिनों के बजाय 125 दिन उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य की गरीब जनता के लिए वास्तविक लाभ होगा।











