पोस्टमार्टम ने खोला राज, शाजापुर में पुलिया के नीचे मिले युवक की गला घोंटकर हत्या

शाजापुर में पुलिया के नीचे मिले युवक की मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम ने खोला राज, शाजापुर में पुलिया के नीचे मिले युवक की गला घोंटकर हत्या

शाजापुर में पुलिया के नीचे मिले शव के मामले में हत्या की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर मौत होना सामने आया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Madhya Pradesh: शाजापुर जिले के शाजापुर-दुपाड़ा मार्ग पर ग्राम राघवेल के पास बुधवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। लखुंदर नदी की पुरानी पुलिया के नीचे खून से लथपथ हालत में शव पड़ा हुआ था। मृतक की पहचान बामनियाखेड़ी निवासी राजेश मालवीय के रूप में हुई।

शव की स्थिति देखकर शुरुआत में पुलिस को संदेह हुआ, लेकिन प्रारंभिक तौर पर इसे सड़क हादसा मानकर जांच की जा रही थी। हालांकि, मौके की हालत, शव पर मौजूद गंभीर चोटों और आसपास के हालात ने इस मामले को संदिग्ध बना दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि

मामले में निर्णायक मोड़ उस समय आया, जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई। लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे ने बताया कि शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मौत का कारण गला दबाकर दम घुटना बताया है।

पोस्टमार्टम ने खोला राज, शाजापुर में पुलिया के नीचे मिले युवक की गला घोंटकर हत्या

रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मृतक के शरीर पर 10 से अधिक चोटों के निशान पाए गए हैं। ये सभी चोटें एंटीमॉर्टम यानी मौत से पहले की हैं। डॉक्टरों के अनुसार, ये चोटें किसी कठोर, नुकीली या कुंद वस्तु से पहुंचाई गई थीं। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने गुरुवार देर रात हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

मारकर पुलिया के नीचे फेंका 

जांच में पुलिस को यह भी संकेत मिले हैं कि राजेश मालवीय की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को पुलिया के नीचे लाकर फेंका गया। घटनास्थल पर संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले, जिससे यह आशंका और मजबूत हुई है कि हत्या योजनाबद्ध तरीके से की गई।

पुलिस ने मौके से सादी मिट्टी, खून से सनी मिट्टी, मृतक की मोटरसाइकिल, खून लगे कपड़ों के स्वाब और देशी शराब के क्वार्टर जब्त किए हैं। इन सभी साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

अवैध संबंधों के एंगल पर जांच

पुलिस इस हत्याकांड को अवैध संबंधों से जोड़कर भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के कुछ लोगों से व्यक्तिगत विवाद हो सकते हैं। पुलिस मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, संपर्कों और अंतिम गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

लालघाटी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की जांच अब तेज हो गई है।

Leave a comment