Narendra Modi ने केंद्र में अपनी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह 12 साल विश्वास, विकास और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहे हैं।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र में अपनी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर देशवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्ष “विश्वास, विकास और जनकल्याण” को समर्पित रहे हैं। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि भारत आगे भी “सेवा, सुशासन और समृद्धि” के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए कहा कि 140 करोड़ भारतीयों के आशीर्वाद और “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ सरकार ने युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीब वर्ग के सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के कारण भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी एक मजबूत और नई पहचान बनाई है।
सरकार के 12 वर्षों में नौ प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियों को नौ प्रमुख क्षेत्रों—गरीब कल्याण, नारी शक्ति, राष्ट्र निर्माण, युवा शक्ति, स्वास्थ्य, राष्ट्र प्रथम, किसान कल्याण, मध्यम वर्ग और सांस्कृतिक विरासत व विकास—के आधार पर रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरकार ने बड़े पैमाने पर सामाजिक योजनाओं को लागू किया है, जिनका लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।
सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गरीबों के लिए खाद्य सुरक्षा और आवास योजनाओं को विशेष रूप से उल्लेखित किया गया। प्रधानमंत्री ने बताया कि 81 करोड़ से अधिक लोगों को हर महीने मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा 4 करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण, 10.5 करोड़ से अधिक उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, और 12 करोड़ से अधिक शौचालयों के निर्माण से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
नारी शक्ति और महिला सशक्तीकरण पर जोर

प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तीकरण को सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के जन-धन बैंक खाते खोले गए हैं, जिससे वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला है। महिलाओं को रक्षा क्षेत्र में स्थायी कमीशन का अवसर दिया गया है। इसके साथ ही 3 करोड़ से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जबकि 91 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लगभग 10 करोड़ ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं।
सरकार ने देश के बुनियादी ढांचे के विकास को “ऐतिहासिक परिवर्तन” बताया। प्रधानमंत्री के अनुसार, देश के 26 शहरों में 1,100 किलोमीटर से अधिक का मेट्रो नेटवर्क विकसित किया गया है। रेल और परिवहन क्षेत्र में 164 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं। अटल सेतु, सुदर्शन सेतु, चिनाब रेल ब्रिज, बोगीबील ब्रिज और पंबन समुद्री पुल जैसी बड़ी परियोजनाओं ने देश की कनेक्टिविटी को मजबूत किया है। हवाई यात्रा के विस्तार के तहत देश में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 164 तक पहुंच गई है, जिससे क्षेत्रीय संपर्क में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
युवा, स्टार्टअप और डिजिटल भारत की प्रगति
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं के कौशल विकास के लिए लगभग दो करोड़ लोगों को प्रशिक्षण दिया गया है। मुद्रा योजना के तहत 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया गया है, जिससे छोटे व्यवसायों को बढ़ावा मिला है। भारत में स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से बढ़ा है, जहां 2.2 लाख से अधिक स्टार्टअप और 10 हजार से अधिक अटल टिंकरिंग लैब नवाचार को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवर प्रदान किया गया है। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा 19 हजार से अधिक जन औषधि केंद्रों के माध्यम से देशभर में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
किसान, संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान पर जोर
प्रधानमंत्री ने किसान कल्याण को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया और कहा कि कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक और योजनाओं के माध्यम से मजबूत किया गया है। साथ ही उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पुनर्निर्माण का भी उल्लेख किया। अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल महालोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास जैसे प्रोजेक्ट भारत की परंपरा और आधुनिक विकास के संतुलन का प्रतीक हैं।












